Today Breaking News

उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा कर्जदार राज्य है और यहाँ का हर नागरिक 30 हजार रुपये का कर्जदार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा कर्जदार राज्य है। बीते तीन साल की देनदारियों को आधार बनाया जाए तो उत्तर प्रदेश का कर्ज लगभग 27 फीसदी बढ़ चुका है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में यूपी की देनदारियां 4.73 लाख करोड़ रुपये थीं, जो वित्तीय वर्ष 2019-20 में बढ़कर 6.02 लाख करोड़ रुपये हो गईं। भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यकारी निदेशक मृदुल के सागर की तरफ से जारी राज्यों के अर्थतंत्र एवं जनसंख्या संबंधी आंकड़ों में यह बात निकलकर आई है।

प्रति व्यक्ति 30 हजार रुपये की देनदारी

वर्ष 2011 की जनगणना में यूपी की आबादी 19.98 करोड़ थी। यदि मौजूदा देनदारी का हिसाब प्रति व्यक्ति निकाला जाए तो यह 30,136 रुपये आएगा। यहां यह देखने वाली बात हैं कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य की कुल देनदारियां यूपी से काफी कम हैं। लेकिन प्रति व्यक्ति देनदारी 64,136 है।


बिहार-झारखंड हैं पीछे

देनदारियों में बिहार और झारखंड जैसे राज्य काफी पीछे हैं। बिहार की कुल देनदारी 1.85 लाख करोड़ रुपये है। जबकि यहां की आबादी को आधार बनाया जाए तो प्रति व्यक्ति देनदारी महज 17,830 रुपये है। झारखंड की प्रति व्यक्ति देनदारी काफी ज्यादा है। यहां मार्च 2020 के समय कुल देनदारी 0.91 लाख करोड़ रुपये थी। प्रति व्यक्ति देनदारी 27,670 है।


प्रति व्यक्ति देनदारी में यूपी से ऊपर पंजाब

पंजाब को कृषि के मामले में काफी आगे माना जाता है। यहां किसानों की लैंड होल्डिंग का स्तर अन्य राज्यों से बेहतर है। लेकिन यह राज्य बड़े राज्यों में प्रति व्यक्ति देनदारी में काफी आगे है। यहां प्रत्येक नागरिक के ऊपर 82 हजार से अधिक की देनदारी है। इस सूची में हरियाणा एवं केरल काफी आगे हैं। खास बात यह है सबसे ज्यादा देनदारियों वाले दर्जन भर राज्यों में प्रति व्यक्ति देनदारी के मामले में यूपी सबसे नीचे है।


साल दर साल आया यह अंतर

अवधि         कुल देनदारी      प्रति व्यक्ति देनदारी

2017          4.73 लाख करोड़     23,689

2018          5.17 लाख करोड़     25,903

2019          5.63 लाख करोड़     28,182

2020          6.02 लाख करोड़     30,136


राज्यों की मौजूदा देनदारी (टॉप 10)

राज्य               देनदारी

महाराष्ट्र                5.02

पश्चिम बंगाल           4.37

तमिल नाडू             4.04

राजस्थान               3.43

गुजरात                 3.25

कर्नाटक                3.17

आंध्र प्रदेश              3.02

केरल                   2.66

मध्य प्रदेश              2.34

पंजाब                   2.29

(देनदारी लाख करोड़ रुपये में)


प्रति व्यक्ति मौजूदा देनदारी (टॉप 10)

पंजाब               82,771

हरियाणा             81,287

केरल                79,771

तमिलनाडू           56,134

गुजरात              53,931

कर्नाटक              51,981

राजस्थान             50,170

पश्चिम बंगाल         47,881

महाराष्ट्र              44,734

मध्य प्रदेश           32,354

Data source : RBI 

'