Ghazipur: सैदपुर स्थानीय नगर में सड़क पर अतिक्रमण से लगता है जाम, लोगों में रोष
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर स्थानीय नगर में जाम की समस्या दिन पर दिन गहराती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभागीय अधिकारियों का ध्यान कई बार इस तरफ आकृष्ट कराने के बावजूद सुध नहीं ली जाती है।
इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। पुराना गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर स्थित स्थानीय नगर में रेलवे क्रासिग तहसील के पास है। इसके अलावा पटरियों पर ठेला, खोमचे वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे सड़क और सकरी हो गई है। भारी संख्या में वाहनों का आवागमन इस मार्ग से होने के कारण अक्सर जाम लग जाता है। खासकर त्योहार व लगन के समय यह समस्या ज्यादा गहरा जाती है क्योंकि इन दिनों मेन रोड पर काफी भीड़ रहती है। नगर निवासी रिकू चौरसिया, ज्ञानेश पांडेय, गोपाल चौरसिया आदि ने समस्या के निराकरण की मांग की है। इनका कहना है कि अतिक्रमण अगर मेन रोड से हटवा दिया जाए तो लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
