जमीन के लिए हिस्ट्रीशीटर पोते ने दादा के शरीर में उतारीं ताबड़तोड़ तीन गोलियां
गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में खुटहन के अंगुली गांव में एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही दादा की जमीन हड़पने के लिए गोली मारकर हत्या कर दी। दो साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग पर पहले चाकुओं से हमला किया फिर ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं। वारदात की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस के अलावा आला अधिकारी भी पहुंचे।
अंगुली निवासी बरखू यादव (73) की कोई संतान नहीं थी। वह अपने साले की बेटी खुशबू को दशकों से अपने पास सेवा के लिए रखे थे। एक साल पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो गया। खुशबू बड़ी हुई तो उन्होंने खुद से ही उसकी शादी कर दी। अब खुशबू के दो बच्चे हैं। खुशबू का पति सोनू भी अक्सर यहीं रहता है।
लगभग 2 माह पूर्व बुजुर्ग ने अपने हिस्से की लगभग चार बीघे जमीन में से 10 बिश्वा जमीन खुशबू के नाम बैनामा कर दिया था। इसको लेकर सगे भतीजे रमाशंकर का परिवार काफी नाराज था। जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता था। रमाशंकर का बेटा राम सिंह थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
शनिवार की दोपहर बुजुर्ग बरखू यादव बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटते समय घर से लगभग 500 मीटर पहले दो बाइकों पर साथियों के साथ पौत्र राम सिंह यादव ने उन्हें रोक लिया और चाकू हमला कर दिया। इसके बाद उन्हें तीन गोलियां मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हत्यारे बाइक से मुबारकपुर की तरफ भाग निकले। घटना होते ही गांव में हड़कम्प मच गया। एसपी ने टीम गठित कर बदमाशों के पीछे लगाने का दावा किया है।
