Today Breaking News

Ghazipur: अनियंत्रित पिकअप पलटने से एक की मौत, दूसरा घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के सदिकापुर- पादरियां गांव के पास पिकअप पलटने से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पिकअप क्षेत्र के पादरियां गांव के पास से परवल का डंठल (लत्ती) लेकर हल्दी (बलिया) के लिए जा रहा था। अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। शुक्रवार की रात को लगभग ग्यारह बजे क्षेत्र के सदिकापुर-पादरिया गांव के सिवान में एक खेत से परवल का डंठल लाद कर बलिया के लिए जा रहा पिकअप गांव के सामने अनियंत्रित होकर एक खाई में पलट गई। 

इसमें बलिया जिले के हल्दी थाना अंतर्गत ग्राम रूदलपुर निवासी रजिंदर तुरहा पुत्र गाहित तुरहा (40) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ पिकअप में सवार कमलेश यादव पुत्र चंद्रिका यादव निवासी बगाही, थाना हल्दी, बलिया घायल हो गया। ग्रामीणों द्वारा किसी तरह प्रयास कर दोनों घायलों को पिकअप से निकाला। पिकअप को चला रहा चालक घटना के बाद गाड़ी से निकलकर भाग निकला। घटना के बाद घायल कमलेश यादव के बताए जाने के बाद लोगों ने परिजनों को बलिया फोन किया। इसके बाद बलिया से एंबुलेंस लेकर पहुंचे घर वाले दोनों को एंबुलेंस से बलिया ले गए। बलिया अस्पताल पहुंचने के पहले ही रास्ते में राजेंद्र तुरहा की मौत हो गई, जबकि घायल कमलेश यादव का इलाज बलिया अस्पताल में चल रहा है। इन लोगों द्वारा खरीद कर ले जा रहे परवल के डंठल (लत्ती) की कीमत लगभग एक लाख पचास हजार बताई जा रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर केके सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब तक घायल एंबुलेंस से बलिया इलाज के लिए निकल गए थे। दुर्घटनाओं में पलटी पिकअप घटनास्थल पर है गाड़ी मालिक आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी।