Today Breaking News

चेहरे पर मास्क-कंधों पर बैग लादे पहुंचे बच्चे, कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के बाद मिला प्रवेश

 गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च में लगे लॉकडाउन के बाद उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों के दरवाजे  सोमवार यानी आज से कक्षा नौ से 12वीं तक के बच्चों के लिए खुल गए। राजधानी में चेहरे पर मास्क व कंधों पर किताबों से भरा बैग लादे सुबह 8:30 बजे से ही बच्चें स्कूल पहुंचने लगे। स्कूल प्रशासन ने भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के बाद ही प्रवेश दिया। थर्मल स्कैनिंग व सेनिटाइजेशन के बाद बच्चें स्कूल के अंदर गए। सात माह से स्कूल व दोस्तों से दूर रहे बच्चों के चेहरे पर दोस्तों के मिलने की खुशी दिखाई दी।

बता दें,  स्कूल दो पालियों में सुबह 8.50 से दोपहर 3.20 बजे तक संचालित किये जाएंगे। स्कूल में प्रवेश और छुट्टी के समय गेट पर शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। एक साथ सभी विद्यार्थियों की छुट्टी नहीं की जाएगी। 


प्रधानाचार्य ने किया स्वागत 

आलमबाग इंटर कॉलेज में 12 वीं की छात्रा सपना को सुबह 8:50 बजे ही बुला लिया गया। स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्चे कम है इसलिए बुलाया गया है। वहीं, नवयुग इंटर कॉलेज में सुरक्षा के मानक का ध्यान रखा गया है। शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए गोले बनाए गए हैं।

अभिभावक का सहमति पत्र लेकर पहुंची छात्राएं

इंदिरा नगर जीजीआइसी में कक्षा छह से 12 तक की पढ़ाई होती है। कुल 1042 छात्राएं पंजीकृत हैं। वहीं, सोमवार को कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं शुरू की गईं। इनमें छात्राओं की संख्या 400 है। प्रधानाचार्य सुमन सिंह ने कहा कि दो पालियों में स्कूल का संचालन होगा। स्कूल पहुंची छात्राएं अभिभावकों का सहमति पत्र भी लेकर आईं। वहीं स्कूल के गेट पर बच्चों का टंपरेचर चेक किया गया। इसका रोज चार्ट बनेगा।

वहीं हैंड सैनिटाइज कर छात्राओं को क्लास में इंट्री दी गई। पहले दिन छात्राओं की संख्या कम दिखी। ऑनलाइन पढ़ाई कर रहीं छात्राएं अभी नहीं आईं। वहीं, कक्षा में वेंटिलेशन मेनटेन रखने के लिए खिड़कियां खोल दी गईं। साथ ही सीटिंग अरजमेंट 'जेड' शेप में किया गया। एक सीट पर एक ही छात्रा को बैठने की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्कूल में एक बेड का आपात कालीन रूम बनाया गया। वहीं इंदिरा नगर सीएचसी की टीम से स्कूल प्रशासन का संपर्क रहा।


तीन छात्राओं को पढ़ाने कॉलेज आईं 30 शिक्षिकाएं

कैसरबाग स्थित नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए छात्राओं को प्रवेश दिया गया। गेट से लेकर क्लास तक सभी नियमों का पालन किया गया। सुबह की पाली में नवीं कक्षा की सिर्फ तीन छात्राओं को पढ़ाया गया। तीनों छात्राओं को पढ़ाने के लिए स्कूल की सभी शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। हालांकि छात्राओं की संख्या कम होने के बावजूद स्कूल में भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी पीरियड में पढ़ाई कराई गईं।

 
 '