Today Breaking News

बलिया हत्‍याकांड के विरोध में पाल समाज का मेरठ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन,CM योगी के नाम भेजा ज्ञापन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. मातोश्री अहिल्याबाई होल्कर चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले रविवार को पाल समाज ने बलिया में हुए अजय प्रकाश पाल हत्याकांड के विरोध में कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी, परिजनों को आर्थिक सहायता व एक सदस्य को नौकरी की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। पदाधिकारियों ने बलिया जिले में हुए जयप्रकाश पाल हत्याकांड की कड़ी भर्त्सना की।

आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है। इसका प्रमाण पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पाल समाज के प्रसिद्ध व्यक्ति जय प्रकाश पाल की गोली मारकर हत्या है। यही नहीं प्रशासन के सामने ही हत्यारे भाग जाने में सफल हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि पाल समाज अपना उत्पीड़न बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।  ट्रस्ट के प्रबंधक भूपेंद्र पाल ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि जिस प्रकार अति पिछड़ा व दलितों पर अत्याचार का सिलसिला जारी है। वह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


ट्रस्ट ने मांग की कि दिवंगत जय प्रकाश पाल के हत्यारोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। आरोपितों को फांसी की सजा दी जाए। इसके साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये व एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो पूरा पाल समाज सड़कों पर आकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। ज्ञापन देने वालों में प्रबंधक भूपेंद्र पाल और सचिव अरविंद आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

 
 '