Today Breaking News

अरबों की ठगी में शाइन सिटी का डायरेक्टर अमिताभ श्रीवास्तव दिल्ली में गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. जमीन की खरीद समेत अन्य योजनाओं में दो से तीन साल में धनराशि दोगुना करने का लालच देकर प्रदेश के सैकड़ों लोगों से अरबों रुपये की ठगी के आरोप में शाइन सिटी के डायरेक्टर अमिताभ श्रीवास्तव नई दिल्ली के बसंतकुंज क्षेत्र स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शुक्रवार शाम कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया और वाराणसी लेकर आई। अमिताभ के साथ कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम, एमडी आसिफ नसीम पर कैंट थाने में ही 32 मुकदमे दर्ज हैं। सीओ कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कैंट थाने में दर्ज मुकदमों में 60 से 80 करोड़ रुपये तक की ठगी की शिकायत है। 

अमिताभ लक्सा थाना क्षेत्र में जिला कांप्लेक्स में रहता रहा है। वह कंपनी की बनारस ब्रांच का निदेशक है। शाइन सिटी कंपनी के किसी न किसी पदाधिकारी के खिलाफ यहां हर माह धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हो रहे थे लेकिन अब तक गिरफ्तारी किसी की नहीं हुई थी। कैंट पुलिस लंबे समय से आरोपितों की तलाश में थी। इसी बीच अमिताभ के दिल्ली स्थित होटल में रुकने की सूचना पर कैंट इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह, दरोगा तरुण कश्यप, नदेसर चौकी प्रभारी अशोक कुमार, सिपाही रामानंद यादव वहां पहुंचे और वहां की पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। अमिताभ ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। बताया कि सीएमडी, एमडी समेत कंपनी के अन्य प्रतिनिधियों के विरुद्ध वाराणसी, लखनऊ, मिर्जापुर समेत कई जिलों में ठगी के हजारो मुकदमे दर्ज हैं। अमिताभ के मुताबिक कंपनी का सीएमडी राशिद नसीम दुबई भाग गया है।


 

 
 '