Ghazipur: नाटकीय ढंग से 50 हजार का इनामी कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी गिरफ्तार!
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र के देवचंदपुर गांव स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात त्रिभुवन सिंह की हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस को चकमा देकर पचास हजार का इनामियां कोर्ट तो पहुंच गया लेकिन आवेदन नहीं होने से सरेंडर नहीं कर सका। इसके बाद कागज पर अपना नाम लिखकर घूमने लगा,वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को इसकी भनक लग गई और उनहोंने सन्नी सिंह को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पहले अंदर हवालात किया गया, बाद में एसपी के निर्देश पर पुलिसकर्मी उसे सैदपुर ले गए। तख्ती लिए सन्नी सिंह का वीडियो भी वायरल हुआ लेकिन आलाअधिकारी गिरफ्तारी के मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
बुधवार को किसी वकील की मदद से देवचंदपुर पेट्रोल पंप कर्मचारी हत्याकांड के आरोपी पचास हजार का इनामिया अपराधी सन्नी सिंह सरेंडर करने गाजीपुर कोर्ट पहुंचा। पहले प्रयास किया गया कि उसे सरेंडर कराते हुए कोर्ट से न्यायिक रिमांड दिला दी जाए लेकिन तकनीकि कारणों से ऐसा नहीं हो सका। सन्नी सिंह का प्रार्थना पत्र पर सुनवाई नहीं होने से वह सरेंडर नहीं कर सका, वहीं उसके आने की खबर भी कोर्ट में तैनात पुलिस को लग गई। अब न्यायालय से बाहर निकलने पर हिस्ट्रीशीटर सन्नी सिंह की गिरफ्तारी तय थी। कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं होने के बाद उसने एक कागज की तख्ती बनाई और उस पर अपना नाम लिखकर कोर्ट के बाहर सड़क पर खड़ा हो गया। जानकारी पाकर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया और आलाअधिकारियों को इस बाबत अवगत कराया। इसके बाद पुलिस उसे सैदपुर ले गई और पूछताछ की जा रही है।
तख्ती लेकर घूमता दिखा हिस्ट्रीशीटर
पेट्रोल पंप पर त्रिभुवन सिंह की हत्या के बाद फिर से चर्चा में आए हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर सिंह सन्नी के चेहरे पर एनकाउंटर का डर नजर आया। न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर पाने के बाद वह जान बचाने के लिए खुद ही गिरफ्तारी के लिए पुलिस से गुहार लगाता नजर आया। किसी की सलाह पर दुकान से कागज लिया और उस पर अपना नाम, पिता का नाम और गांव का नाम लिखा। इसके बाद पुलिस और जनता को दिखाता रहा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऐसा कर के वह न्यायिक अधिकारियों की निगाह में आना चाहता था। इससे लोगों को पता चल जाए की उसने सर्मपण किया है। एनकाउंटर की डर से सारा नाटक किया गया।
अभी हिस्ट्रीशीटर ढोलक सिंह की तलाश जारी
देवचंदपुर पेट्रोल पंप हत्याकांड में दूसरा पचास हजार का इनामी आनंद उर्फ ढोलक सिंह अभी भी पुलिस हिरासत से दूर हैं। घटना के समय दूसरी कार में सवार सन्नी के दो साथियों ने हिरासत में पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। मगर आनंद सिंह का कोई सुराग नहीं लगा। त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या में पेट्रोल पंप संचालक द्वारा दो नामजद व लगभग 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।इसके बाद पुलिस ने सन्नी सिंह और ढोलक सिंह पर पचास-पचास हजार का इनाम घोषित किया था।