Today Breaking News

रामगोपाल यादव होंगे उत्तर प्रदेश राज्यसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश से हो रहे राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ताकत और बढ़ने जा रही है। सपा की सीटें काफी घट रही हैं। विधानसभा के मौजूदा गणित के हिसाब से भाजपा को दस सीटों में से 8 सीट मिलना तय है। वहीं समाजवादी पार्टी अपने बूते बस एक सीट ही जीत सकती है। सपा ने इसलिए चुनाव तय होते हुए अपने मौजूदा सांसद रामगोपाल यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया। अब दसवीं सीट के लिए अगर सपा, कांग्रेस, बसपा व अन्य मिलकर बहुत जोर लगाकर संयुक्त प्रत्याशी उतार दें और कुछ अतिरिक्त वोट का जुगाड़ हो जाए तो इस चुनाव में रोचक जंग होने के पूरे आसार हैं। अन्यथा भाजपा दसवीं सीट भी अपनी झोली में डाल सकती है। इस तरह सभी सीटों पर निर्विरोध चुनाव हो जाएगा। बसपा व कांग्रेस अपने बूते एक भी सीट जीतने की स्थिति में नहीं हैं। 

जिन सीटों पर राज्यसभा चुनाव होने जा रहा है उनमें चार पर - सपा के जावेद अली खां, प्रो. रामगोपाल यादव, चंद्रपाल सिंह यादव व रवि प्रकाश वर्मा हैं। भाजपा के नीरज शेखर, अरुण सिंह व केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी हैं। बसपा के दो सदस्य राजाराम, वीर सिंह हैं। कांग्रेस के पीएल पुनिया की सीट पर भी चुनाव होने जा रहा है। समाजवादी पार्टी के विधानसभा में 47 विधायक हैं और उसका एक प्रत्याशी का चुना जाना तो तय है। सपा के साथ बसपा, कांग्रेस मिल कर चाहें तो एक और सीट निकाल सकते हैं जबकि भाजपा को सात या आठ सीट पर जीत मिल सकती है। 


सपा के तीन सांसद छोड़ चुके हैं पार्टी

पिछले साल से अब तक सपा के तीन राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, सुरेंद्र नागर व संजय सेठ ने पार्टी छोड़ी और राज्यसभा सीट से इस्तीफा दिया और भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने खास रणनीति बनाई। अलग-अलग समय पर इस्तीफे हुए तो उपचुनाव भी अलग-अलग हुए। एक-एक सीट पर उपचुनाव होने से भाजपा के सामने किसी और दल के आगे आने की हिम्मत नहीं पड़ी। इसके अलावा सपा की तंजीन फातिमा ने विधायक बनने के बाद अपनी राज्यसभा सीट छोड़ दी और उपचुनाव में भाजपा एक और सीट निर्विरोध जीत गई। भाजपा अमर सिंह व बेनी प्रसाद वर्मा की रिक्त सीट पर भी निर्विरोध जीती। 


भाजपा के  वर्तमान में 17 व सपा के 8 राज्यसभा सदस्य हैं: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए 31 सदस्य चुने जाते हैं। वर्तमान में भाजपा के 17, सपा के 8, बसपा के 4 व कांग्रेस के 2 राज्यसभा सदस्य हैं। इनमें 10 सीट अगले महीने रिक्त हो रही हैं। इसलिए इन रिक्त सीटों पर चुनाव कराने का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने जारी कर दिया। 9 अन्य सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल 4 जुलाई 2022 को पूरा होगा।  इसके अलावा 11 अन्य सदस्य 2 अप्रैल  2024 तक राज्यसभा में  बने रहेंगे।  


25 नवंबर को जो हो रहे हैं रिटायर

चंद्रपाल सिंह यादव

जावेद अली खान

अरुण सिंह

नीरज शेखर

पीएल पुनिया

हरदीप सिंह पुरी

रवि प्रकाश वर्मा

राजाराम

रामगोपाल यादव

वीर सिंह

राज बब्बर (उत्तराखंड से)

 
 '