जौनपुर में दवा लेकर लौट रही किशोरी को धान के खेत में खींचकर गैंगरेप
गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में सिकरारा के एक गांव में अब एक किशोरी के साथ दरिंदगी हुई है। दवा लेकर लौट रही 15 वर्षीया किशोरी के साथ दो युवकों ने रेप किया। शुक्रवार की शाम हुई घटना की जानकारी पुलिस को शनिवार को दी गई। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवकों को तलाश शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि सिकरारा के गांव की किशोरी शुक्रवार को बाजार से दवा ले कर लौट रही थी। इसी दौरान गांव की ही नहर पुलिया के समीप दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। घसीटकर बगल के धान के खेत में ले गए और उसके साथ बारी बारी से रेप किया। दोनों के चंगुल से छूटने के बाद डरी सहमी किशोरी घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
लोकलाज के चलते परिवार के लोग शुक्रवार की रात घर पर ही रह गए। दूसरे दिन शनिवार को बच्ची को लेकर थाने पहुंच गए। थानाध्यक्ष अंगदप्रसाद तिवारी ने तहरीर लेकर दुष्कर्म और पास्कोएक्ट सहित अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जगह जगह दबिश डाल रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।
