Today Breaking News

देवरिया में मासूम की जान बचाने वर्दी पहने ही नाले में कूद पड़े यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. यातायात की व्यवस्था को संभालने के साथ ही देवरिया में उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव ने मानवता की बड़ी मिसाल पेश की है। बहनों से साथ जा रहा एक मासूम पांव फिसलने के कारण गहरे नाले में गिर गया। इसकी जानकारी होने पर वहां से गुजर रहे यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव ने नाले में छलांग लगा दी और मासूम को बाहर निकाला।

देवरिया में यह घटना गुरुवार रात की है। बहनों के बाजार जा रहे मासूम का सड़क पर पांव फिसला और वह गहरे नाले में जा गिरा। इसके बाद बहनों ने भाई को नाले में डूबता देखकर शोर मचाया। वहां पर काफी लोग थे, इसी बीच यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव वहां पहुंचे और वर्दी पहने ही नाले में छलांग लगा दी। मासूम को वह नाले से बाहर निकाल कर लाए और नहलाया। इसके बाद पड़ोस के डॉक्टर के पास ले जाकर प्राथमिक उपचार कराने के बाद बहनों के साथ घर भेजा। यातायात उप निरीक्षण को नाले की गहराई का अंदाजा नहीं था, फिर भी उन्होंने वर्दी पहने ही नाले में छलांग लगा दी। उनके इस प्रयास पर अब सभी जगह प्रशंसा मिल रही है।


यातायात उपनिरीक्षक रामवृक्ष यादव बीते करीब तीन वर्ष से देवरिया में तैनात हैं। वह अपनी कार्यशैली के कारण चर्चा में बने रहते हैं। मामला अपने आवास या फिर पुलिस लाइन प्रांगण में साफ-सफाई का हो या फिर पौधरोपण का। रामवृक्ष यादव हमेशा आगे ही रहते हैं। बिना लाइसेंस के ई-रिक्शा चालकों को चौराहे पर ही उनके रिक्शा पर खड़े करने की सजा देने वाले रामवृक्ष यादव के साथ एक सपा नेता की मारपीट का मामला भी काफी चर्चा मेें रहा था।  


'