Today Breaking News

वाराणसी में सोते समय दो किशोरों पर चाकुओं से हमला, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुरीदपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौबे के घर के अंदर कमरे में सोए दो किशोर अमन उर्फ सूरज (17) और बादल चौबे (14) को चाकू से कई वार कर घायल कर दिया। वारदात के दौरान दोनों की हालत गम्भीर होने पर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं इलाज के दौरान सुबह अमन ने दम तोड़ दिया तो जानकारी होने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों ही ग्रामप्रधान के परिवार के हैं। सूचना मिलने के बाद सुबह मौके पर पुलिस ने पहुंचकर वारदात की पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों से बातचीत करने के बाद पुलिस ने रंजिश् सहित अन्‍य संभावनाआें की पड़ताल की और पूछताछ की।

मुरीदपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौबे के दो पुत्र अमन उर्फ सूरज चौबे(17) व बादल चौबे (14) मकान के अंदर शुक्रवार की रात सो रहे थे। रात में किसी समय हमलावरों ने मकान के पीछे से दीवाल फांदकर घर के अंदर सीढ़ी से प्रवेश कर आंगन के बाद कमरे में घुस कर चाकू से अमन पर गले व शरीर के कई भागों में वारकर घायल कर दिया। चीख सुनकर छोटा भाई बादल जागा तो शोर मचाने के दौरान उसपर भी हमलावरों ने वार करना शुरू कर दिया। हमलावर सीढ़ी के रास्ते दीवाल फांदकर मकान के पीछे उतर कर बांस की कोठी की ओर से भाग निकले। बाहर बरामदे के कमरे में सोए बाबा राजकिशोर चौबे लगभग पांच बजे भोर में उठकर जब दोनों को उठाने पहुंचे तो दोनों को खून से लथपथ और बेहोश पाया।

आवाज देने पर पहुंचे परिजन आनन फानन सिंह मेडिकल हॉस्पिटल ले गए। वहां से जवाब मिलने पर दोनों को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद अमन उर्फ सूरज चौबे की मौत हो गयी। घायल बादल चौबे ट्रामा सेंटर में मौत से संघर्ष कर रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वायड टीम व कप्तान को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड टीम में शामिल कुत्ता घटना स्थल से कुछ दूर मकान के पीछे बांस की कोठी तक जाकर रुक गया। कई जगह बांस की कोठी व दीवाल पर खून लगा था।

रंजिशन हत्‍या का शक

गांव के एक लड़के से कुछ आपत्तिजनक फोटो भेजने पर अमन के परिजनों ने बताया कि गांव के ही अंकित कहार को मारा पीटा था। उसी कड़ी को देखते हुए पुलिस ने जानकारी के बाद अंकित को हिरासत में लिया है। मृतक अमन के पिता मुंबई में में टेम्पो चलाते थे। इस समय घर पर कुछ दिनों से थे। तीन दिनों पूर्व आजमगढ़ प्राइवेट काम करने गए थे। घर पर महिलाएं व अमन के बाबा राजकिशोर चौबे ही मौजूद थे।