Today Breaking News

सगाई के समय पढ़ाई का सर्टिफिकेट नहीं दिखाया तो तोड़ दी सगाई, थाने पहुंचा मामला- जानें फ‍िर क्‍या हुआ

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. सगाई के समय पढ़ाई का सर्टिफिकेट न दिखाने पर लड़के ने शादी तोड़ दी। जिसके बाद कार्यक्रम में हंमामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस लड़के के घरवालों को हिरासत में लेकर चौकी पर चली आयी। 

यह है मामला

महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां क्षेत्र की रहने वाली लड़की शादी गुलरिहा क्षेत्र युवक से छह माह पहले तय हुई थी। मंगलवार को भटहट कस्‍बे में स्थित शिव मंदिर पर सगाई का कार्यक्रम था। शाम पांच बजे दोनों पक्ष के लोग मंदिर पहुंच गए। बातचीत के दौरान लड़के के घरवाले लड़की की पढ़ाई का सर्टिफिकेट मांगने लगे। उनका कहना था कि रिश्‍तेदारों ने बताया है कि लड़की केवल हाईस्‍कूल पास है। इंटरमीडिएट पास होने का सर्टिफिकेट देखने के बाद ही वे लोग शादी करेंगे। जिसके बाद लड़की के घरवाले नाराज हो गए। विवाद होने पर पुलिस को सूचना दे दी।


ऐसे सुलझा मामला

मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनो पक्ष अपनी-अपनी बात को सही ठहराने लगे। लड़का पक्ष के लोगों ने कहा कि उनसे झूठ बोला गया है जबकि लड़की पक्ष कह रहा था उन्‍होंने कोई झूठ नहीं बोला है। थाने में काफी देर पंचायत के बाद तय हुआ कि लड़का पक्ष सगाई का पूरा खर्च उठाएगा। इसके बाद सगाई नहीं हुई और सगाई का खर्च लौटाने पर देर शाम लड़की के घरवालों ने समझौता कर लिया।


दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

उधर, गोरखपुर के गुलरिहा पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित मऊ के घोसी के रामपुर सोड़े निवासी मनोज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित एक साल पहले गुलरिहा क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का केस दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी।


दुष्कर्म व पाक्सो का आरोपित गिरफ्तार

अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के आरोपित नेपाल के दीपनगर निवासी किशन को चिलुआताल पुलिस ने गिरफ्तार किया। शाहपुर के कौवाबाग क्षेत्र में आरोपित किराए पर कमरा लेकर रहता था। मंगलवार को चिलुआताल पुलिस ने नकहा जंगल के पास से किशन को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से किशोरी को मुक्‍त कराया।

'