Ghazipur: प्रधान पति की गोली मारकर हत्या
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह स्थानीय थाना के लहुरापुर गांव में गुरुवार की शाम को ग्राम प्रधान मंगीता देवी के पति सन्तोष राम (42) की बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह असलहा लहराते हुए फरार हो गए। विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने मरदह -जलालाबाद मार्ग पर पनसेरवा चट्टी के पास शव रखकर तीन घंटे जाम लगाए रखा। मौके से चार खोखे बरामद हुए।
संतोष गुरुवार को घर के बगल स्थित पनसेरवा चट्टी से करीब पांच बजे शाम को लौटे। बाइक खड़ी कर वह अंदर भी नहीं जा सके थे तभी घर के सामने पीछे की तरफ से हलावरों ने सीने पर ताबड़तोड़ कई गोलियां उतार दीं। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आवाज सुन जब तक परिजन कुछ समझकर पहुंचते वारदात को अंजाम देकर हत्यारे असलहा लहराते हुए मरदह की तरफ भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने घर से करीब दो सौ मीटर दूर मरदह -जलालाबाद मार्ग पर पनसेरवा चट्टी के पास शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर रात करीब साढ़े आठ बजे जाम समाप्त कराया। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गईं हैं।
चट्टी से ही पीछे नहीं लगे थे हत्यारे
वारदात के कुछ समय पूर्व ही सन्तोष चट्टी से घर आए थे। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि हमलावर चट्टी पर से ही पीछे लगे थे। वहां मौका न पाने से वह घर पर वारदात को अंजाम दिए। लोगों के मुताबिक किसी से संतोष की कोई अदावत नहीं थी। बसपा में सक्रिय रहे सन्तोष पूर्व के लोकसभा चुनाव के समय कई दलित ग्राम प्रधानों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण किए थे। अभी उनकी गृहस्थी कच्ची है। तीन भाइयों में संतोष बड़े थे। उनकी बड़ी बेटी सानिया 13 व बेटा राज महज 5 साल का है। परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है। सीओ महिपाल पाठक, थानाध्यक्ष कमलेश पाल समेत कई थानों की फोर्स डंटी रही।
