Today Breaking News

Ghazipur: धनतेरस पर शहर सहित सभी कस्बे के बाजार बमबम रहे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. धनतेरस के अवसर पर गुरुवार को शहर सहित सभी कस्बे के बाजार बमबम रहे। लगभग 70 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसमें सबसे अधिक हिस्सा वाहनों का है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक सामान, ज्वैलरी, बर्तन, कपड़े व मिठाई आदि भी खूब बिके। सुबह ही दुकानदार अपनी दुकानें खोलकर ग्राहकों के आने की प्रतीक्षा करने लगे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, दुकानों पर ग्राहकों का जमावड़ा होने लगा और सायं ढलते-ढलते बाजारों में दुकानदारों पर लोगों को काफी भीड़ भी नजर आई। 

शहर के सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, मिश्रबाजार, लाल दरवाजा, चीतनाथ, स्टीमरघाट सहित पुरानी सब्जी मंडी, लंका कचहरी व स्टेशन रोड के ग्राहकों से देर शाम तक खचाखच भरे रहे। धनतेरस पर बर्तनों के साथ अन्य कई नई-नई चीजों की खरीदारी खूब हुई। बर्तन विक्रेताओं के साथ-साथ ज्वैलर्स की दुकानों पर भी सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए लोगों ने रुचि दिखाई। त्योहारी सीजन के चलते कई दिनों से सोने के दाम भी बढ़ रहे हैं। इसी तरह बाजारों में कपड़ा, इलेक्ट्रानिक तथा आटोमोबाइल की भी खूब बिक्री हुई। गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां भी खूब बिकीं। फूल-माला के दाम भी चढ़े हुए थे। गंदा के एक माला की कीमत 20 से 30 रुपये थी।


शाम होते ही गुलजार हुए बाजार मुहम्मदाबाद : धनतेरस के दिन बाजार में लोगों की काफी भीड़ रही। इस मौके पर बाजार में मिट्टी का दीया, लक्ष्मी गणेश की मूर्ति, घुरली मिठाई के साथ झाड़ू की दुकानें सजी रहीं। लोगों ने झाड़ू व गणेश लक्ष्मी की मूर्ति की खरीदारी किए। शाम होते ही बर्तन की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। धनतेरस पर बाइक दुकानों पर भी ग्राहकों की कतार लगी रही।


रेवतीपुर : क्षेत्र में धनतेरस दीपावली को लेकर बाजारों में दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही। लोग बर्तन सोने चांदी के सिक्के आदि खरीद रहे थे। दुकानों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए रंग-बिरंगी झालरों के साथ पूरी दुकान को सजाया गया है। सोने चांदी के बाजार भी इतर रहे थे। बर्तन व्यवसायी आलोक कुमार ने बताया कि त्योहार के लिए विशेषकर धनतेरस पर ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक डिजाइनों के बर्तन मंगाये थे जो खूब बिके।


महिद्रा की बिकीं 50 गाड़ियां : राज इंडिया आटो लिमिटेड महाराजगंज के मैनेजर एके सिंह ने बताया कि धनतेरस के मौके पर इतने ग्राहक आ गए कि वाहनों की कमी हो गई। पिछले सप्ताह भर में 50 महिद्रा के वाहन बेचे गए हैं। धनतेरस के दिन ही 15 वाहनों की बिक्री हुई। वहीं 50 से 60 ग्राहक निराश होकर लौट गए। वाहन मांगने पर भी कंपनी सप्लाई नहीं दे पायी। बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी चार पहिया वाहनों की खूब मांग रही है।


20 फीसद अधिक बिकीं मोटरसाइकिलें : कोरोना व लाकडाउन भी वाहन बाजार पर असर नहीं डाल सका। इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा 20 फीसद अधिक बिक्री हुई। शिवा हीरो एजेंसी के संचालक विनोद सिंह बबलू ने बताया कि पूरे जिले में लगभग 15 सौ बाइक बिकी हैं। द हिद बजाज के प्रोपराइटर सुहैल अनवर ने बताया कि उनके यहां से 125 बाइक बिकी हैं। जायसवाल टीवीएस एजेंसी के प्रोपराइटर शोभित जायसवाल ने बताया कि हमारे यहां से 500 बाइकें बिकी हैं। अवध होंडा के प्रोपराइटर अजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने कुल 350 बाइक बेची हैं। अनुक्ता होंडा के प्रोपराइटर अजिताभ राय उर्फ राहुल ने बताया कि उनका यह पहला धनतेरस है, फिर भी उन्होंने 200 बाइक बेची है। साईं चंद्रा रायल इनफील्ड के प्रोपराइटर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनके यहां से 35 बाइकें बिकी हैं।


10 फीसद कम बिके इलेक्ट्रानिक सामान : शांति एंड कंपनी के प्रोपराइटर वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार 10 फीसद कम बिक्री हुई है। फिर भी उन्होंने लगभग 25 लाख रुपये का सेल किया है। बजाज सुपर इलेक्ट्रिकल के प्रोपराइटर मदन गोपाल केशरी ने बताया कि इस बार जिले में दो से पांच से छह करोड़ रुपये के इलेक्ट्रानिक सामन बिके हैं। कृष्णा इलेक्ट्रो मार्ट के प्रोपराइटर मनीष केडिया ने बताया कि उन्होंने लगभग डेढ़ करोड़ का थोक में इलेक्ट्रानिक सामान सेल किया है। कोरोना के चलते इस बार कुछ कम ग्राहक आए, फिर भी स्थिति ठीक रही।


25 फीसद कम बिकी ज्वैलरी : सराफा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष संतोष वर्मा ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा 25 फीसद कम ज्वैलरी बिकी है। पिछले वर्ष जिले भर में लगभग तीन करोड़ रुपये का कारोबार धनतेरस पर हुआ था। इस बार दो से ढ़ाई करोड़ रुपये के बीच ही रह गया है। सबसे अधिक सोने व चांदी के सिक्के और बर्तन बिके। बहुत से लोगों ने ज्वैलरी भी खरीदी। बताया कि कोरोना के कारण आयी मंदी को त्योहारी सीजन ने काफी हद तक दूर कर दिया है। अब बाजार पहले जैसे चलने की उम्मीद बढ़ गई है।


आज भी मनेगा धनवंतरि जी का प्रकटोत्सव धनतेरस

खानपुर : क्षेत्र के बाजारों में धनतेरस की खरीददारी दो दिनों तक चलने से दुकानदारों में हर्ष का माहौल है। तिथियों और पंचाग के हेरफेर से लोग गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन धनतेरस की खरीददारी कर रहे हैं। सिधौना, खानपुर, उचौरी, गौरी, अनौनी, मौधा, गहिरा, जगदीशपुर सहित सभी बाजारों में बर्तन, इलेक्ट्रानिक, कपड़ें और अन्य दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी। कोरोना काल में लंबे समय तक बंदी के बाद खुले बाजार में रौनक बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर चमक दिखाई दे रही थी। दुकानदारों का कहना है कि धनतेरस की दो दिन खरीददारी होने से बिक्री और मुनाफा बढ़ने की पूरी संभावना है। खरौना के कर्मकांडी ब्राह्मण चंद्रभान पांडेय कहते हैं कि गुरुवार की शाम से त्रयोदशी लगने के कारण शुक्रवार को भी उदया तिथि में धनतेरस मनाया जाना उचित है। देवासुर संग्राम के बाद समुंद्र मंथन से कार्तिक कृष्णा त्रयोदशी को धनवंतरि जी का प्रादुर्भाव धनतेरस के रूप हुआ था और इसके दो दिन बाद माता लक्ष्मी का प्राकट्य दीपावली के रूप में हुआ.

 
 '