Today Breaking News

उप्र उप चुनाव: सात विधानसभा सीटों के परिणाम आज, चंद मिनट बाद ही होगी मतों की गिनती

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यों वाली विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उप चुनाव के परिणाम का करीब हफ्ते भर से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों की धड़कनें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दीपावली के पहले वाला मंगलवार यानी आज सात लोगों के लिए बेहद मंगलकारी साबित होगा, जबकि अन्य लोग विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुट जाएंगे। 

मतगणना कर्मी प्रदेश के बुलंदशहर, अमरोहा, कानपुर शहर, उन्नाव, देवरिया, फिरोजाबाद तथा जौनपुर में मुस्तैद हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखकर जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। दोपहर बाद तक सभी नतीजे आ जाएंगे।


उपचुनाव में 53.62 फीसद हुआ था मतदान

तीन नवंबर को विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव में कुल 53.62 फीसद मतदान हुआ था। सबसे अधिक 61.50 फीसद मतदान अमरोहा की नौगावां सादात सीट में हुआ। यह सीट पूर्व क्रिकेटर व मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। सबसे कम 49.42 प्रतिशत मतदान कानपुर की घाटमपुर सीट पर हुआ है। यह सीट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण खाली हुई थी। वर्ष 2017 में इन सात सीटों पर 63.90 फीसद मतदान हुआ था। यानी उपचुनाव में वर्ष 2017 के आम चुनाव के मुकाबले करीब 10.28 फीसद कम वोट पड़े।

मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल

कोरोना वायरस संक्रमण को देखते प्रोटोकाल के तहत फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है। हर मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल हैं। बुलंदशहर व मल्हनी सीट की मतगणना तीन-तीन हॉलों में होगी। शेष पांच सीटों की मतगणना दो-दो हॉल में होगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर कॢमयों की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। मतगणना पर विशेष निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सभी सात सीटों पर एक-एक प्रेक्षक तैनात कर दिए हैं।


88 में से सात की किस्मत खुलेगी

उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों के उपचुनाव में 88 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। उपचुनाव के मतदान अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया सदर और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवंबर को हुआ। सात सीटों पर 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं भी हैं। सात जिलों में सभी जगह पर शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों तैनाती की गई है। 


योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर नहीं पड़ेगा असर, कांग्रेस पर निगाहें 

उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर आने वाले नतीजों से योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सात में से पांच या छह सीट पर यदि भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करती है तो वह अपनी साख बचाने में सफल होगी, इसके साथ ही यह संदेश जरूर जाएगा कि लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से खुश हैं। इसके इतर विपक्ष यदि बेहतर प्रदर्शन करता है तो उसे सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल जाएगा। इन उप चुनावों में भाजपा ने पूरा दम लगाकर प्रचार किया है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा की निगारनी में यह चुनाव लड़ा गया है। उत्तर प्रदेश की इन सात सीटों पर कांग्रेस के परिणाम पर भी पूरे देश की नजर है। प्रदेश में पार्टी खाता नहीं खोल पाती है तो प्रियंका गांधी वाड्रा पर सवाल उठेंगे।

'