Today Breaking News

UP By Election Result 2020: 7 में से 6 पर BJP ने लहराया जीत का परचम, सपा के हिस्से एक सीट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ, UP By Election Result 2020: उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यों वाली विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उप चुनाव का परिणाम का करीब हफ्ते भर से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों के सामने होगा। दीपावली के पहले वाला मंगलवार यानी आज सात लोगों के लिए बेहद मंगलकारी साबित होगा, जबकि अन्य लोग विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुट जाएंगे। 

4:00 PM: छह पर भाजपा की जीत तय, एक सपा के खाते में

सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव का परिणाम लगभग आ गया है। सात में से छह सीटों पर भाजपा निर्णायक बढ़त पर है। सिर्फ घोषणा बाकी है।  जौनपुर की मल्हनी सीट से सपा प्रत्याशी लकी यादव 4500 मतों से चुनाव जीत गए हैं। निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह रहे दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसी प्रकार बाकी की छह सीटों पर भी मतगणना लगभग पूरी हो गई है। यहां बीजेपी के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।


3:00 PM: निर्णायक जीत की ओर ये प्रत्याशी

अमरोहा की नौगावां सादात सीट से भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी से 5310 वोटों से आगे। बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही 19013 मतों से आगे हैं। उन्नाव जिले की बांगरमऊ सीट से बीजेपी उम्मीदवार श्रीकांत कटियार 16,833 वोट से आगे चर रहे हैं। कानपुर की घाटमपुर सीट से बीजेपी के प्रत्याशी उपेंद्र पासवान बीएसपी प्रत्याशी कुलदीप संखवार से 13274 वोटों से आगे। देवरिया की देवरिया सदर सीट से भाजपा के डॉक्‍टर सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी 12619 मतों से आगे चल रहे हैं और जौनपुर की मल्हनी सीट पर सपा के लकी यादव निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह से 6327 वोट से आगे चल रहे हैं।


2:00 PM: मल्हनी से धनंजय सिंह सपा प्रत्याशी से पीछे

जौनपुर जिले की मल्हनी सीट पर 15वें राउंड के बाद सपा केलकी यादव ने 41464 वोटों के साथ निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह को 2936 वोट से पीछे छोड़ दिया है। धनंजय सिंह के अभी तक 38528 वोट मिले हैं। तीसरे स्थान पर भाजपा मनोज सिंह चल रहे हैं। उन्हें 15774 वोट मिले हैं। चौथे स्थान पर बसपा के जय प्रकाश दुबे 13654 वोटों के साथ हैं। 


1:30 PM: संगीता चौहान ने जावेद आब्दी को पीछे छोड़ा

अमरोहा की नौगावां सादात सीट के 12वें चक्र की मतगणना के बाद पासा पलट गया। पहले चक्र से आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी को भाजपा की संगीता चौहान ने पीछे छोड़ दिया है। संगीता चौहान ने 11वें राउंड में जावेद आब्दी पीछे छोड़ दिया। संगीता ने 949 पर वोटों से बढ़त ले ली है। संगीता चौहान को 24628, आब्दी को 24341, बसपा को 17147 तथा कांग्रेस को 1603 मिले हैं। 


10:30 AM- भाजपा के पांच तथा सपा व निर्दलीय प्रत्याशी एक-एक सीट पर आगे

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने घाटमपुर सुरक्षित सीट पर एक बार फिर बढ़त बना ली है। चार चक्र की गठना के बाद भाजपा अब उन्नाव की बांगरमऊ, फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, देवरिया की देवरिया सदर तथा कानपुर शहर की घाटमपुर सुरक्षित सीट पर बढ़त बना ली है। भाजपा को अमरोहा की नौगावां सादात सीट पर झटका लग रहा है। समाजवादी पार्टी को जौनपुर की मल्हनी सीट पर झटका लग रहा है। नौगावां सादात में सपा के जावेद आब्दी तथा मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह बढ़त पर हैं। 


10:20 AM- कानपुर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर कांटे की टक्कर, अब भाजपा आगे

कानपुर शहर के घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव में मतों की गणना के तीसरे चक्र की गणना में मामला एक बार फिर उलट गया है। यहां पर भाजपा के प्रत्याशी उपेंद्र नाथ पासवान ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप शंखवार पर बढ़त बना ली है। पासवान अब 655 वोट की बढ़त पर हैं। भाजपा को 4437, बसपा को 3782, सपा को 2125 तथा कांग्रेस को 1592 वोट मिले हैं। 


10:10 AM- जौनपुर के मल्हनी में तीसरे राउंड में निर्दल धनंजय सिंह 1839 मत से आगे 

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उपचुनाव की चल रही मतों की तीसरे राउंड की गणना पूरी हो गई है। इसमें निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से 1839 मतों से आगे चल रहे हैं। धनंजय सिंह को 6023 तो लकी यादव को 4184 मत मिले हैं।


10:00 AM- पहले चक्र में भाजपा चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर आगे

सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं। भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार उन्नाव के बांगरमऊ, डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी उर्फ गुड्डू बाबू, प्रेम पाल सिंह धनगर फिरोजाबाद के टूंडला व ऊषा सिरोही बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर से आगे हैं। समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी अमरोहा के नौगावां सादात, बहुजन समाज पार्टी के कुलदीप शंखवार कानपुर शहर के घाटमपुर तथा निर्दलीय धनंजय सिंह जौनपुर की मल्हनी सीट से आगे चल रहे हैं। 


9:50 AM- जौनपुर के मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह ने बना ली बढ़त

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भिड़ंत बेहद रोचक हो गई है। यहां पर पोस्टल बैलट में आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के लकी यादव को निर्दलीय धनंजय सिंह ने पीछे छोड़ दिया है। जौनपुर से सांसद रहे दबंग धनंजय सिंह आगे निकले हैं। धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के लकी यादव को पीछे छोड़ दिया है, जो अपने पिता पारसनाथ यादव की विरासत को बचाने मैदान में उतरे हैं। पहले चक्र में धनंजय सिंह ने दो सौ वोट की बढ़त बनाई है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी मनोज सिंह की हालत बेहद खराब है। वह तीसरे स्थान पर है। सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं।


9:20 AM- छह में से चार पर भाजपा आगे, दो पर सपा को बढ़त

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम से पहले चक्र की गिनती हो रही है। इनमें छह के रुझान सामने आ गया है। इनमें चार पर भारतीय जनता पार्टी तथा दो पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। भाजपा ने कानपुर शहर के  घाटमपुर सुरक्षित, उन्नाव के बांगरमऊ, देवरिया के देवरिया सदर व फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित सीट तथा समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी व अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र में बढ़त बना ली है। मल्हनी में फिलहाल भाजपा के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर है। समाजवादी पार्टी के लकी यादव आगे हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह व तीसरे नंबर पर भाजपा के मनोज सिंह हैं। नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी बढ़त पर हैं। 


9:10 AM- पांच सीट के रुझान में भाजपा तीन तथा सपा दो पर आगे

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। इनमें पांच के रुझान सामने आ गया है। इनमें तीन पर भारतीय जनता पार्टी तथा दो पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। भाजपा ने कानपुर शहर के  घाटमपुर सुरक्षित, उन्नाव के बांगरमऊ तथा देवरिया के देवरिया सदर तथा समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी व अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र में बढ़त बनाई है। जौनपुर के मल्हनी में समाजवादी पार्टी के लकी यादव आगे हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह व तीसरे नंबर पर भाजपा के मनोज सिंह हैं। नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी बढ़त पर हैं। 


9:00 AM- पोस्टल बैलेट की गणना में भाजपा सात में से तीन क्षेत्र में बढ़त बनाई

उत्तर प्रदेश की सात विधनासभा सीट पर पोस्टल बैलेट की गणना शुरू हो गई है। देवरिया की देवरिया सदर के साथ कानपुर शहर के घाटमपुर सुरक्षित और उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने पोस्टल बैलेट की गिनती के दौरान बढ़त बना ली है। देवरिया में भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को 1883, समाजवादी पार्टी के ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को 1350 तथा बसपा के अभय नाथ त्रिपाठी को 1183 मत मिले हैं। 


8:50 AM: अमरोहा के नौगावां सादात में एक ईवीएम में खराबी, मतगणना रोकनी पड़ी

अमरोहा जिले के नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के दौरान आज ईवीएम में खराबी के कारण मतगणना रोकनी पड़ी है। यहां पर टेबल नम्बर तीन पर मशीन नमबर 11760 में तकनीकी खराबी आ गई है। मशीन को ठीक करने में तकनीकी कर्मी जुटे हैं। 


8:40: AM- यूपी का पहला रुझान आया, घाटमपुर में भाजपा आगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव में मतों की गिनती में पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद पहला रुझान सामने आ गया है। कानपुर शहर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बना ली है। 


8:20 AM- कानपुर के घाटमपुर में दस प्रतिशत पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी

घाटमपुर विधानसभा सीट के मतों की गिनती नोबस्ता गल्ला मंडी में शुरू हो गई है। फिलहाल डाक मत गिनने की प्रक्रिया चल रही है।


8:10 AM- बुलंदशहर में बैलेट पेपर की गिनती के साथ शुरू हुई मतगणना

बुलंदशहर की सदर विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को मतदान के बाद सुबह 8 बजे नगर की नई मंडी परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू कर दी गई है। सबसे पहले बैलेट पेपर की गिनती शुरू की गई है। इसके लिए 3 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना की प्रक्रिया 28 राउंड में पूरी की जाएगी। मालूम हो कि सदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्य दलों के साथ कुल 18 प्रत्याशी मैदान में है। मंगलवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को प्रत्याशियों के समक्ष गोदाम से बाहर निकाला गया। उसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 


8:00 AM- मतदान कर्मी व्यस्त-पहले पोस्टल बैलेट की गिनती

मतदान कर्मी सात जिलों में अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए हैं। सबसे पहले पोस्टल वोट गिने जा रहे हैं। मतदान कर्मियों ने नियमानुसार अभिकर्ताओं की मौजूदगी में ईवीएम की सील तोड़ मतगणना शुरू की। ईवीएम खुलने के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ गईं। मतगणना कर्मी प्रदेश के बुलंदशहर, अमरोहा, कानपुर शहर, उन्नाव, देवरिया, फिरोजाबाद तथा जौनपुर में मुस्तैद हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखकर जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार मतगणना की सभी तैयारियां हैं। दोपहर बाद तक सभी नतीजे आ जाएंगे।


7:55 AM- उप चुनाव की मतगणना तीन-तीन हाल में 

बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर और जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उप चुनाव की मतगणना तीन-तीन हाल में होगी। इसके अलावा उन्नाव के बांगरमऊ, फिरोजाबाद के टूंडला सुरक्षित, अमरोहा के नौगावां सादात, कानपुर शहर के घाटमपुर तथा देवरिया के देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव की मतगणना दो-नो हाल में होगी। इनकी निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने सात प्रेक्षकों की तैनाती की है। 


7:50 AM- विजय जुलूस पर पूर्णत पाबंदी

उपचुनाव में विजेता की घोषणा के बाद समर्थकों को किसी भी तरह के जुलूस निकालने पर पाबंदी होगी। यह नियम कोविड प्रोटोकॉल के तहत लागू किया गया है। मतगणना स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को लगाया गया है। 


7:45 AM- मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल

कोरोना वायरस संक्रमण को देखते प्रोटोकाल के तहत फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है। हर मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल हैं। बुलंदशहर व मल्हनी सीट की मतगणना तीन-तीन हॉलों में होगी। शेष पांच सीटों की मतगणना दो-दो हॉल में होगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर कॢमयों की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। मतगणना पर विशेष निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सभी सात सीटों पर एक-एक प्रेक्षक तैनात कर दिए हैं।


7:30 AM- उपचुनाव में 53.62 फीसद हुआ था मतदान

तीन नवंबर को विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव में कुल 53.62 फीसद मतदान हुआ था। सबसे अधिक 61.50 फीसद मतदान अमरोहा की नौगावां सादात सीट में हुआ। यह सीट पूर्व क्रिकेटर व मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। सबसे कम 49.42 प्रतिशत मतदान कानपुर की घाटमपुर सीट पर हुआ है। यह सीट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण खाली हुई थी। वर्ष 2017 में इन सात सीटों पर 63.90 फीसद मतदान हुआ था। यानी उपचुनाव में वर्ष 2017 के आम चुनाव के मुकाबले करीब 10.28 फीसद कम वोट पड़े।


7:00 AM- 88 में से सात की किस्मत खुलेगी

उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों के उपचुनाव में 88 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। उपचुनाव के मतदान अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया सदर और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवंबर को हुआ। सात सीटों पर 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं भी हैं। सात जिलों में सभी जगह पर शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों तैनाती की गई है। 


6:30 AM- योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर नहीं पड़ेगा असर, कांग्रेस पर निगाहें 

उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर आने वाले नतीजों से योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 403 सदस्यीय विधान सभा वाले राज्य में सत्ता पर काबिज भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीती थी। सात सीटों के परिणाम का सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं होगा। भाजपा के पास अभी भी 304 विधायक हैं। इस उप चुनाव के परिणाम विपक्षी दलों यानी समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस के पास अपनी तैयारी परखने का मौका है। भाजपा के लिए संख्या से अधिक से अधिक रहे यह सीएम योगी आदित्यनाथ की अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा है।  सात में से पांच या छह सीट पर यदि भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करती है तो वह अपनी साख बचाने में सफल होगी, इसके साथ ही यह संदेश जरूर जाएगा कि लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से खुश हैं। इसके इतर विपक्ष यदि बेहतर प्रदर्शन करता है तो उसे सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल जाएगा। इन उप चुनावों में भाजपा ने पूरा दम लगाकर प्रचार किया है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा की निगारनी में यह चुनाव लड़ा गया है। उत्तर प्रदेश की इन सात सीटों पर कांग्रेस के परिणाम पर भी पूरे देश की नजर है। प्रदेश में पार्टी खाता नहीं खोल पाती है तो प्रियंका गांधी वाड्रा पर सवाल उठेंगे।

'