Today Breaking News

शादी का झांसा देकर महिला को बुलाया, बंद कमरे में सामूहिक दुष्‍कर्म- वीडियो भी बनाया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. संतकबीर नगर जिले के महुली थाना क्षेत्र में सामुहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। बस्ती जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र की एक महिला जो वर्तमान में लखनऊ में रहती है, उसे शादी का झांसा देकर एक युवक ने कुछ दिन पहले बुलाया था। महिला को एक कमरे में बंद कर कई लोगों ने दुष्कर्म और कुकर्म किया। इतना ही नहीं महिला का आपत्तिजनक स्थिति में आरोपितों ने वीडियो भी बना लिया। महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग भी की जा रही थी। आरोपितों के चंगुल से मुक्त होने के बाद थाने पहुंची महिला को पहले तो वहां से भी टरकाने का प्रयास किया गया। लेकिन महिला के आत्मदाह की धमकी पर पुलिस ने सात लोगों पर सामुहिक दुष्कर्म और कुकर्म के साथ ही कई गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज किया।

कमरे में बंद कर किया सामूहिक दुष्‍कर्म

महिला ने बताया कि वह बस्ती जनपद की रहने वाली है। वर्तमान में वह लखनऊ में रहती है। बीते दिनों उसका संबंध फेसबुक के माध्यम से महुली थाना क्षेत्र के बलही गांव के सुनील सिंह से हुआ था। बातचीत शुरू हुई तो आराेपित ने शादी करने की इच्छा जताई। चार दिन पहले वह लखनऊ से महुली क्षेत्र में पहुंची थी। आरोपित उन्हें एक मकान में ले गया और एक कमरे में बंद कर दिया। उसके साथ कई लोगों ने दुष्कर्म और कुकर्म किया। सभी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। वह लगातार आरोपितों से रहम की भीख मांग रही थी, लेकिन किसी ने रहम नहीं दिखाई। 


आत्‍मदाह की चेतावनी के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

किसी तरह से वह आरोपितों के चंगुल से आजाद हुई और थाने पहुंची। महिला का आरोप है कि पहले तो उसे थाने से भी टरकाने का प्रयास किया गया। जब उसने आत्मदाह करने और अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री के साथ ही उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात की तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उसने बताया कि वह पूरी तरह से टूट गई है।


पुलिस ने कहा

धनघटा के पुलिस क्षेत्राधिकारी अम्ब्रीश भदौरिया ने कहा कि महिला की तहरीर पर महुली पुलिस ने आरोपित के परिवार के कुछ लोगों के साथ सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पुलिस तलाश में जुटी है। महिला को लखनऊ भेजवा दिया गया है।

'