Today Breaking News

Ghazipur: गजल होटल की रजिस्ट्री में फर्जीवाड़े का आरोपी व मुख्तार अंसारी का करीबी गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्तार अंसारी के करीबी और उसकी पत्नी के होटल के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार सुबह गाजीपुर में एक मकान से दबोच लिया। पुलिस उसे सबसे पहले शहर कोतवाली लेकर आई और पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। गाजीपुर सदर कोतवाली पुलिस ने खिलाफ दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इस मामले में मुख्तार की पत्नी और बेटों समेत 10 अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

शनिवार को सदर कोतवाली पुलिस ने बाहुबली विधायक मुख्तार के करीबियों पर एक बार फिर शिकंजा कसा है। इसमें मैनपुर करंडा निवासी आरोपी मोतीलाल वर्मा को पुलिस ने सुबह गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली लाकर पुलिस ने उससे मुख्तार के संबंधों समेत कई अन्य मामलों में पूछताछ की। दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सीजेएम ने जेल भेज दिया। मैनपुर करंडा निवासी आरोपी मोतीलाल वर्मा पर गजल होटल के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने का आरोप है। यह होटल मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्सा अंसारी और और बेटों के नाम पर रजिस्टर्ड है। मुख्तार अंसारी की पत्नी और दोनों बेटों के नाम पर बने गजल होटल की रजिस्ट्री को अवैध बताते हुए 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।


यह है गजल होटल से जुड़ा पूरा मामला

जिलाधिकारी के निर्देश पर 25 जून को एसडीएम सदर ने पैमाइश और जांच में होटल की रजिस्टी को अवैध पाया था। टीम ने गजल होटल की भौतिक और दस्तावेजों की जांच की तो कई खामियां पाई। पता चला कि भूमि को फर्जी तरीके से अनाधिकृत तीन लोगों से बैनामा करवाकर हड़पा गया है। 20 सितंबर को शहर कोतवाली में प्रशासनिक अधिकारी की ओर से मुख्तार अंसारी की पत्नी, दोनों बेटों, रिश्तेदारों समेत 12 को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया गया। 


इसमें यूसुफपुर मोहम्मदाबाद निवासी मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे अब्बास अंसारी और दूसरे बेटे उमर अंसारी पुत्र मुख्तार अंसारी उनकी पत्नी आफ्सा अंसारी को मुख्य आरोपी और मुख्य षडयंत्रकर्ता बताया गया है। वहीं फर्जीवाड़ा कर रजिस्ट्री करने वाले विक्रीकर्ता रविन्द्र नाथ शर्मा पुत्र श्रीराम कुमार राय निवासी मौजा गोड़ी तहसील मुहम्मदाबाद, श्रीकान्त पुत्र काशीनाथ उपाध्याय निवासी मौजा ढेड़गावा तहसील जमानियॉ, नन्दलाल पुत्र देवनाथ निवासी मौजा अरसदपुर थाना जंगीपुर को आरोपी बनाया गया है। इसे अलावा सहयोगी सय्यद कैसर हुसैन पुत्र सैयद अतहर हुसैन निवासी खुदाईपुर थाना कोतवाली तहसील सदर, जफर अब्बास पुत्र गुलाब हुसेन निवासी खुदाईपुरा नखास थाना कोतवाली गाजीपुर, सैयद सादीक हुसैन पुत्र सैयद जमील हुसैन निवासी खुदाईपुरा नखास थाना कोतवाली गाजीपुर शिवनाथ सिंह पुत्र वक्तावर सिंह यादव निवासी रसुलपुर गाजीपुर, चन्द्रसेन विश्वकर्मा पुत्र रामवृक्ष निवासी अज्ञात कोतवाली गाजीपुर एवं मोतीलाल पुत्र कृष्ण प्रताप वर्मा निवासी नैनपुर गाजीपुर के विरूद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है।