Ghazipur: पीपा पुल तैयार नहीं, जान जोखिम में डालकर नाव से कर रहे गंगा पार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुहम्मदाबाद क्षेत्र के बच्छलपुर-रामपुर गंगा तट पर पीपा पुल का आज तक पूर्ण निर्माण नहीं हो सका। लगन-विवाह का सीजन बीतने को हैं, पर लोगों को गंगा पार के इलाकों में आवागमन के लिए पीपा पुल की सुविधा नहीं मिल सकी। मजबूरी में पैदल व बाइक सवार जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं, लेकिन अधिकतर लोग करीब 40 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर गाजीपुर हमीद सेतु से अपने गंतव्य तक आ जा रहे हैं।
चार पहिया वाहनों की तो अधिक दूरी तय कर गंगा पार के इलाकों में आवागमन की मजबूरी हो गई है। इसको लेकर लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग पुल को तैयार कराने में थोड़ा भी रूचि नहीं दिखा रहा है। इसी का नतीजा है कि निर्धारित समय से करीब दो माह बीत जाने के बाद भी अब तक पुल तैयार नहीं हो सका। लोगों ने इस पुल निर्माण को लेकर जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग किया है। तहसील क्षेत्र से जमानियां, सेवराई तहसील के अलावा सीमावर्ती बिहार के विभिन्न गांवों तक आवागमन करने के लिए करीब डेढ़ दशक पूर्व तत्कालीन लोकनिर्माण मंत्री कुसुम राय ने सेमरा-बच्छलपुर-रामपुर गंगा तट पर पीपा पुल का निर्माण कराई थीं।
सरकारी मानक के मुताबिक 15 अक्टूबर से पीपा पुल तैयार हो जाना चाहिए लेकिन अब तक मात्र बच्छलपुर सिरे की ओर दियारे तक पुल का निर्माण कराया गया है, जबकि रामपुर सिरे की ओर अभी पुल तैयार नहीं कराया जा सका है। अब तक पुल तैयार नहीं होने से वाहन चालकों व ट्रैक्टर आदि लेकर गंगा पार खेतों में जाने वाले किसानों को गाजीपुर हमीद सेतु से होकर करीब 40 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे उनका समय व ईंधन दोनों का अपव्यय हो रहा है। लोगों का कहना है कि जबसे इस पुल को यहां स्थापित किया गया है तबसे शायद यह पहला अवसर है। इस लगन के सीजन में पुल तैयार नहीं हो सका।
शादी-विवाह का सीजन चलने से अधिकतर लोगों को निमंत्रण आदि के लिए गंगा के आर-पार के गांवों तक आना-जाना पड़ रहा है। पुल तैयार नहीं होने से नाव ही सहारा है। वह भी कम होने से कई-कई घंटे तक किनारे बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। काफी लोग तो सुविधा के अभाव में गंगा पार के अपने नजदीकी लोगों के यहां भी निमंत्रण में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के मेठ अशोक राय ने बताया कि समय से निर्माण सामग्री उपलब्ध नहीं होने से पुल तैयार करने में विलंब हुआ है। वैसे अब पुल पूर्ण तैयार होने के कगार पर है। जल्द ही आवागमन के लिए खुलेगा।
