Today Breaking News

Ghazipur: सभासद प्रतिनिधि की पिटाई से आक्रोशित भाजपाजनों ने घेरी कोतवाली

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुहम्मदाबाद, नगर के मंगल बाजार वार्ड-10 के सभासद प्रतिनिधि अमित चौरसिया उर्फ डब्बू को शाहनिदा चौकी प्रभारी संदीप दुबे द्वारा मारने-पीटने व गाली-गलौज करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं व सभासदों ने रविवार को कोतवाली में पहुंचकर घेराव किया। मौके पर पहुंचे सीओ कासिमाबाद महिपाल पाठक के काफी समझाने-बुझाने पर शांत हुए। दो दिन के अंदर कार्रवाई करने की चेतावनी देकर कार्यकर्ता वहां से हटे।

सभासद प्रतिनिधि अमित चौरसिया का आरोप था कि जमीन संबंधी विवाद के मामले में दो पुलिसकर्मी उसके घर जाकर थाना आने को कहा। इस सूचना पर वह कोतवाली पहुंचकर प्रभारी उप निरीक्षक राजीव कुमार के यहां पहुंचा। अभी वह कुछ बात करता, इसी बीच एक सिपाही को भेजकर चौकी प्रभारी संदीप दुबे अपने पास बुलाए। वहां जाने पर चौकी प्रभारी हमें गाली-गलौज करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। परिचय देने के बाद भी वह दोबारा गाली देते हुए हमें लाकअप में बंद कर दिया। इसकी जानकारी होते ही आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता व सभासद कोतवाली पहुंचकर चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव शुरू कर दिए। घेराव की जानकारी होने पर सीओ कासिमाबाद महिपाल पाठक कोतवाली पहुंचे। मौजूद लोगों ने डब्बू का मेडिकल परीक्षण कराने व चौकी प्रभारी के खिलाफ मामला पंजीकृत कर कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों की मांग पर डब्बू का मेडिकल कराया। कहा कि पूरे मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराकर कार्रवाई कराएंगे। नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश गिरि ने पत्रक देकर दो दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। भाजपा नेता वीरेंद्र राय, दिनेश वर्मा, ओमप्रकाश उपाध्याय, तेजबहादुर यादव, कृपाशंकर राय, गणेश गुप्ता, जयप्रकाश, सुरेश यादव सहित काफी संख्या में लोग रहे।