Today Breaking News

मंडप में पुराने आभूषण और कपड़े देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर. मिर्जापुर जिले में थाना जिगना क्षेत्र के चड़ेरू-चौकठा गांव में आई बारात का दूल्हा शादी के मंडप में पहुंचने के पहले ही थाने पहुंच गया। दरअसल मामला यह है कि मंडप में पुराने आभूषण व कपड़े देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद घरातियों ने बारातियों को बंधक बना लिया। तब मामला जिगना थाने पहुंच गया। थाने में चली घंटों पंचायत के बाद भी मामला नहीं सलटा। आखिरकार बगैर दुल्हन के ही दूल्हे को अपनी बारात लेकर वापस लौटना पड़ा।

गांव निवासी देवराज सिंह के घर नौ दिसंबर की रात प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली पट्टी थाना क्षेत्र के पट्टी धौरहरा गांव से बारात आई थी। धूमधाम से द्वारचार की रश्म पूरी हुई। हंसी-खुशी के साथ उत्सवी माहौल में दूल्हा मनीष सिंह व दूल्हन ने एक-दूसरे के गले में वर माला पहनाया। घरातियों ने बारातियों का स्वागत सत्कार करते हुए उन्हें पकवान खिलाया। यहां तक सब कुछ सही चल रहा था। दुल्हन जब मंडप में पहुंची। मंडप में दूल्हे के पिता बनवारी सिंह ने जेवरात व साड़ी कपड़े की थाल-परात सजाया। मामूली व पुराने जेवरात, साड़ी कपड़े देखकर घर की महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।


माहौल की नजाकत देखते हुए दुल्हन ने वर पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए खुद ही शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद घरातियों ने दूल्हा समेत उसके परिजन व रिश्तेदारों को बंधक बनाकर पुलिस को सूचना दी। लगभग दो बजे रात पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले आई। सुबह आठ बजे तक चली पंचायत के बाद भी कन्या पक्ष के लोग शादी करने के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति से दहेज व बारातियों के खाने खिलाने में हुए खर्च का हिसाब लगाते हुए एक लाख दस हजार रुपए कन्या पक्ष को दिलवाकर बारात पक्ष के लोगों को मुक्त कर दिया। शादी टूटने व बारातियों के उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा। रात से सुबह तक चली पंचायत को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चा बनी रही।

'