Today Breaking News

Ghazipur: क्रय केंद्रों पर मनमानी से धान खरीदारी में नहीं आ रही तेजी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बारा, क्रय केंद्रों पर धान की खरीदारी में तेजी नहीं आ रही है। कई केंद्र लक्ष्य से अभी कोसों दूर हैं। खरीद कैसे पूरी होगी, इसके गुणा-गणित में विभाग जुटा हुआ है। साधन सहकारी समिति भतौरा-बारा पर बोरा के अभाव में पांच दिनों तक खरीद बंद हो गया था। इस समस्या का ठोस निदान न होने से किसानों में आक्रोश पनप रहा है।

साधन सहकारी समिति भतौरा-बारा के केंद्र पर सोमवार को सियापा छाया रहा। एक भी किसान मौजूद नहीं थे। इस सहकारी समिति में सात ग्राम पंचायतें आती हैं। अभी तक 100 किसानों ने धान बेचने के लिए आनलाइन पंजीकरण कराया है। समिति को न्यूनतम छह हजार क्विटल खरीद करने का लक्ष्य प्रदान किया गया है। इसके सापेक्ष अभी तक 600 क्विटल ही खरीद हुई है। इसमें 136 क्विटल धान का भुगतान हो गया है। एक से पांच दिसंबर तक बोरा न होने से खरीद बंद हो गया था। इस समय बोरा उपलब्ध है। जानकारी के अभाव में किसान केंद्र पर नहीं आ रहे हैं।


केवल एक किसान का हुआ भुगतान

धान क्रय केंद्र बारा को विभाग ने 10 हजार क्विटल खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभी तक 22 किसानों से साढ़े पांच सौ क्विटल खरीद हुई है। एक किसान का भुगतान हुआ है। साधन सहकारी समिति भतौरा - बारा के सचिव राजेश राय ने बताया कि बोरा आ गया है, लेकिन भीड़ नहीं है। अगर किसान धान लाते हैं तो तुरंत तौल कराया जाएगा।



बिचौलियों को धान बेचने को विवश

क्षेत्र के किसान बिचौलियों को धान बेचने के लिए मजबूर हैं। एजाज खां, फकरुद्दीन खां, गिरीश चंद, दिनेश पांडेय, जफरुल्ला खां, जनार्दन आदि किसानों का कहना है कि धान बेचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बावजूद क्रय केंद्रों पर सुनवाई नहीं हो रही है। गेहूं बोआई के लिए धन की आवश्यकता थी। लाख कोशिश के बाद भी क्रय केंद्र पर धान नहीं बेच सके हैं। कभी बोरा नहीं होने का बहाना तो कभी कुछ और।


कई केंद्रों का निरीक्षण किया गया। धान की धीमी खरीद को लेकर केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दी गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अगर केंद्र पर बोरा नहीं है तो उसे उपलब्ध कराया जाएगा।-रमेश मौर्य, एसडीएम, सेवराई।

'