Ghazipur: रजागंज पुलिस चौकी का कोई जवाब नहीं, ट्रक बंद हुआ तो ट्रैक्टर-ट्राली से शुरू हो गई वसूली
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सुहवल व नगर कोतवाली के रजागंज पुलिस चौकी का कोई जवाब नहीं है। अधिकारी भले ही फरमान जारी कर रहे हैं, लेकिन इसका उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। अवैध वसूली में ही हमीद सेतु बीमार हो गया, लेकिन इनके कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं हुआ। डीएम के आदेश पर ट्रकों का आवागमन बंद हुआ तो अब स्थानीय पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली से वसूली शुरू कर दी है।
धान, गेंहू, खाद, ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्राली पर सबका अलग-अलग रेट तय है। पुलिस के इस रवैये से स्थानीय किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हमीद सेतु पर ओवरलोड ट्रकों के गुजरने से क्षतिग्रस्त होने के कारण बीते दो माह तक पूर्व रूप से आवागमन बंद था। मरम्मत के बाद बीते दो अक्टूबर को संचालन शुरू हुआ तो फिर से ओवरलोड ट्रकों धड़ल्ले से आने-जाने लगे और एक माह के अंदर ही सेतु फिर से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद फिर से मरम्मत हुआ। इस बार जिलाधिकारी ने आगामी 31 जनवरी 2021 तक भारी वाहनों के आवागमन पर वैन लगा दिया है।
डीएम का आदेश है कि कोई व्यवसायिक कार्य नहीं होगा, लेकिन किसान कृषि संबंधित सामान ट्रैक्टर-ट्राली पर लोड कर आ-जा सकते हैं। बावजूद इसके सुहवल थाना क्षेत्र के कालूपुर चट्टी व नगर कोतवाली के रजागंज पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी उन्हें रोक देते हैं। डीएम के आदेश का हवाला भी देते हैं, लेकिन पाकेट गर्म होते ही उन्हें पास कर देते हैं। यही कारण है कि कालूपुर चट्टी पर लगा हाइटगेज बैरियर एक्सीडेंट के कारण नीचे लटक गया है। इतना ही नहीं अगर धान या खाद लदा ट्रैक्टर-ट्राली निकल जाता है तो पुलिसकर्मी ऐसे दौड़ाकर उन्हें पकड़ते हैं, जैसे वह कोई नाजायज सामान लेकर जा रहा हो। पुलिसकर्मियों के इस रवैये स्थानीय किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने साफ चेताया है कि उच्चाधिकारी अगर इस पर बैन नहीं लगाएंगे तो वह आंदोलन करने को भी बाध्य हो जाएंगे।
