Today Breaking News

मौसम का मिजाज बदला बादल सरके, अब जाड़ा-पाला का दौर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. धुंध का एहसास कराने वाले बादल बिहार-झारखंड की ओर बढ़ गए हैं। रविवार से आसमान साफ रहेगा। रात में गलन बढ़ेगी। तापमान में कमी आएगी। सुबह के वक्त कोहरे का भी जोर दिखेगा। शनिवार का यह लगभग एक जैसा पूर्वानुमान मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञ का है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक अब पूस का जाड़ा पड़ेगा, लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

शनिवार को लगभग पूरे दिन बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे के आसपास एकबारगी सूरज के खिलकर निकलने का आभास हुआ लेकिन वह तेजी कुछ ही मिनट रही। बादल फिर छा गए। इसके बाद पूरे दिन धुंध जैसा माहौल बना रहा। वार्म फ्रंट के साथ आए इन बादलों के चलते न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस था। दो दिन पहले दिन का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। दिन में धूप न होने से तापमान में कमी आई। वातावरण में नमी 74 से 90 फीसदी के बीच रही। बादलों के चलते सुबह के वक्त दृश्यता काफी कम थी। इससे वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही थी।


मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय का कहना है कि बादल आगे बढ़ गए हैं। आसमान साफ हो गया है। रात में गलन बढ़ेगी। इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग का भी पूर्वानुमान है कि अगले तीन-चार दिनों में रात के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट आएगी। दिन के तापमान में भी कमी आएगी। सुबह कोहरा रहेगा।