Today Breaking News

कपसेठी में दो बेटियों संग ट्रेन के सामने कूदी अनुदेशिका, मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. कपसेठी थानाक्षेत्र के शिवदासपुर गांव के निकट शनिवार शाम एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय की अनुदेशिका ने अपनी दो बेटियों के साथ बुंदेलखंड स्पेशल ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।

महिला की शिनाख्त जौनपुर में रामपुर थानाक्षेत्र के गोरापट्टी गांव की स्मृति सिंह (33) पत्नी राहुल सिंह के रूप में हुई। स्मृति के साथ उनकी दो बेटियां सात साल की वैष्णवी और साढ़े तीन साल की अदिति की भी मौत हो गई। ट्रेन से क्षतविक्षत हो चुके शवों की पहचान पास मिले कागज से हुई, जबकि देवर विशाल ने तीनों की शिनाख्त की। भदोही और वाराणसी सीमा पर स्थित रघुपुर गांव के पूर्व माध्यमिक स्कूल में अनुदेशिका पद पर कार्यरत स्मृति सिंह अपनी दो बेटियों के साथ कपसेठी के बनकट रोड पर किराये के मकान में रहती थी।


यहीं से एक किमी दूर स्कूल था। आशंका है कि किसी बात को लेकर वह तनाव में थी। उसी तनाव में वह अपनी दोनों बेटियों के साथ शिवदासपुर के निकट पहुंची और बुंदेलखंड एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पति राहुल घर पर खेती करता है।


शाम को ढूंढ़ते पहुंचा देवर

बनकट रोड स्थित किराये के मकान पर पति, देवर व सास-ससुर का आना-जाना रहता था। शनिवार अपराह्न लगभग चार बजे देवर विशाल पहुंचा तो कोई नहीं मिला। काफी देर तक वह आसपास ढूंढता रहा। स्मृति का मोबाइल भी बंद मिल रहा था। इसी बीच रेलवे ट्रैक पर तीन लोगों की मौत की सूचना पर विशाल भागकर मौके पर पहुंचा। वहां का विभत्स दृश्य देख वह बिलख पड़ा। स्मृति का मायका करीब दो किमी दूर भदोही के चौरी के मई गांव में है। मायके के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे।


चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण

शिवदासपुर गांव के लोग शाम को चीख सुनकर ट्रैक की ओर पहुंचे तो उन्हें दोनों बच्चियों और महिला के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके से बरामद कुछ कागजात के जरिये नाम पता चल सका। घरवालों को सूचना दी गई। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्चियों के शव देखकर लोग सिहर जा रहे थे।


परसीपुर में पायलट ने दर्ज कराई सूचना

हादसे के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन आगे परसीपुर में रूकी जहां लोको पायलट ने सूचना दर्ज कराई। इसके बाद ट्रेन अपने समय पर निकल गई। लोको पायलट के मुताबिक महिला दोनों बच्चियों के साथ ट्रेन के सामने आ गई थी।