Today Breaking News

अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा वाले तो वोट डालना सीख गए हैं, लेकिन सपाई फिलहाल पीछे हैं

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बरेली. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विकास के नाम पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि सभी एक्सप्रेस-वे सपा सरकार की देन हैं। देश का पहला एक्सप्रेस-वे सपा शासनकाल में ही बनाया गया। हमने उस पर मिराज विमान तक उतरवा दिया और बरेली के हाल ऐसे हैं कि यहां काम चलना तक मुश्किल हो गया है। अधूरे पड़े बरेली-सीतापुर फोरलेन के काम में लापरवाही पर तंज कसा। कहा कि एनएचएआइ हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग के आसपास का हिस्सा तक ठीक नहीं कर सका।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे हमारी सरकार में बना। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे भी हमारी ही योजना थी। मौजूदा प्रदेश सरकार ने इसका नाम तो बदल दिया लेकिन इसके निर्माण के लिए बजट जारी नहीं किया। इस कारण इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। वही, सपा की सरकार में एक्सप्रेस-वे 21 महीने में पूरा कर दिया गया था। बोले, बरेली-सीतापुर हाईवे पर फोरलेन का काम 14 साल से देख रहा हूं। सड़क खराब पड़ी है, मगर अब तक नहीं बनी। हुलासनगरा क्रासिंग पर एनएचएआइ आज तक ओवरब्रिज नहीं बना सका।


हमने नौ महीने में ही आठ लेन का ब्रिज तैयार करवा दिया था। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दो दिन शहर में घूमने पर भी तमाम सड़कें गड्ढों से भरी मिली। पीलीभीत बाइपास पर भी गड्ढे हो गए हैं। एनएचएआइ की सड़क भी गड्ढों से भरी है। मंडल से लखनऊ को बेहतर कनेक्टिविटी की दरकार उन्हें दिखाई दी। बोले, ऐसा एक्सप्रेस-वे बनाएंगे जिससे लखनऊ से बदायूं, बरेली की दूरी डेढ़ से दो घंटा रह जाए।


सपा की कार्यशाला में भाजपा के बूथ मैनेजमेंट की चर्चा  

समाजवादी पार्टी की कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के बूथ मैनेजमेंट की चर्चा भी हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से इस दिशा में काम करने की अपील की। वक्त के साथ इस बात को सीख लेने की नसीहत भी दी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। उन्हें एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने की सलाह दी।


कार्यकर्ताओं से कहा कि सियासी माहौल पहले से काफी बदल चुका है। उनकी सही बात लोगों के सामने नहीं आ पाती है और भाजपा का झूठ खूब प्रचारित होता है। भाजपा झूठ की राजनीति करके आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में बहुत सावधान रहने की जरूरत है। पार्टी को जीत दिलानी है तो बूथ मैनेजमेंट को बेहतर बनाना होगा। उन्होंने भाजपा के बूथ मैनेजमेंट को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। कहा, भाजपा वाले तो वोट डालना सीख गए हैं, लेकिन सपाई फिलहाल पीछे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर हाल में बूथ मैनेजमेंट सीखने को कहा। 

'