IAS एके शर्मा के भाजपा के साथ सियासी सफर शुरू होते ही उनके गांव में छाया उल्लास
गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद गुरुवार को आइएसएस एके शर्मा के भारतीय जनता पार्टी की सदस्य ग्रहण करने की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव मऊ जिले के रानीपुर विकास खंड के काझाखुर्द में खुशी की लहर है। उनके पैतृक आवास पर धीरे-धीरे बधाई देने वाले शुभचिंतकों और प्रियजनों-रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। वर्तमान में पैतृक गांव में उनके छोटे भाई अरुण कुमार राय की पत्नी आने वाले शुभचिंतकों की आवभगत में लगी है।
दरअसल गुजरात कैडर के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के विश्वस्त अधिकारी को खास भूमिका के लिए उत्तर प्रदेश भेजा गया है। वर्ष 2001 में जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे तो अरविंद शर्मा उनके सचिव थे। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी जब पीएम बने तो वह पीएमओ से जुड़े थे।
एके शर्मा के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते ही उनके गांव में उनके यूपी में किसी वरिष्ठ पद पर आसीन होने की अटकलें और गरमा-गरम हो गई है। पूरे गांव में मकरसंक्रांति पर्व का उत्साह दोगुना हो गया है। उनके वीआरएस लेने से अब तक जिन परिजनों एवं गांव के बेहद करीबी लोगों से उनकी बात हुआ करती थी, उनसे आइएएस शर्मा की अभी तक कोई बात नहीं हो पाई है।
भैया का अभी चरणस्पर्श भी नहीं कर पाया हूं
आइएएस एके शर्मा के छोटे भाई एवं रिलायंस के मैनेजर अरुण कुमार राय ने बताया कि लखनऊ में ही हूं। भैया लखनऊ भाजपा कार्यालय में सदस्यता ग्रहण करने के बाद निकल गए हैं। भैया से देखा-देखी तो हुई, लेकिन भीड़ और मीडिया को ही मैं संभालता रह गया। भैया का अभी चरणस्पर्श भी नहीं कर पाया हूं।
