Ghazipur: पेंशन और आवास दिलाने के नाम पर भू-माफिया ने वृद्ध से लिखवा ली करोड़ों की जमीन
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पेंशन एवं आवास दिलाने के नाम पर भू-माफिया ने अंगूठा लगवा कर वृद्ध से करोड़ों रुपये की संपत्ति रजिस्ट्री करा ली। वृद्ध को जब दाखिल-खारिज का नोटिस मिला तो परिजनों के होश उड़ गए। वह रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे तो पूरा मामला खुलकर सामने आया। अब पीड़ित न्याय के लिए भटक रहा है। लेकिन उसकी कोई सुनने वाला नहीं। ऐसे में पीड़ित परिवार ने न्याय न मिलने की दशा में आत्मदाह की चेतावनी दी है।
शहर कोतवाली के मीरनपुर सक्का निवासी गांव के रामनाथ बिंद (75) की करीब छह बीघा भूमि निर्माणाधीन फोरलेन एवं बुजुर्गा जाने वाले मार्ग पर है। पीड़ित परिवार के सदस्य सुनील कुमार बिंद ने बताया कि भू-माफियाओं की नजर करोड़ों की इस भूमि पर काफी दिनों से थी। ऐसे में अस्वस्थ रामनाथ बिंद को वृद्धा पेंशन और आवास दिलाने के नाम पर पिछले 27 नवंबर को गांव का ही एक व्यक्ति भू-माफिया के पास ले गया। उसने कागज पर अंगूठा लगवाकर जमीन रजिस्ट्री करा ली।
इसके बाद एक बार फिर दो दिसंबर को पेंशन और आवास के कागजात में गलती होने का बहाना बनाकर शेष बची भूमि के विक्रय-पत्र पर अंगूठा लगवाया गया। जब 20 दिन बाद दाखिल खारिज का नोटिस पहुंचा, तो परिवार के सदस्य हैरत में रह गए। पीड़ित परिवार की ओर से 24 दिसंबर को नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। लेकिन पुलिस कार्रवाई करने से हिचक रही है। सुनील कुमार बिंद ने बताया कि अगर न्याय नहीं मिला तो पूरा परिवार आत्मदाह करेगा। पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी ने बताया कि अभिलेखों की जांच चल रही है। दोनो पक्षों से कागजात मंगाए गए हैं। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
