Today Breaking News

यूपी में आज 1.48 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगी कोविड वैक्सीन, लोहिया इंस्टीट्यूट पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण से बड़ी जंग के लिए देश के साथ प्रदेश में भी वृहद स्तर पर कोविड वैक्सीनेशन जारी है। कोरोना वॉरियर्स यानी स्वास्थ्य कर्मियों को वरीयता पर इसकी पहली डोज दी जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को 1.48 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में इस का जायजा ले रहे हैं। आज उन्होने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में वैक्सीनेशन का जायजा लिया।

यूपी में कोरोना टीकाकरण के लिए सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम हैं। सभी कोल्ड चेन प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। टीकाकरण से संबंधित किसी भी तरह की समस्या के लिए राज्य हेल्प लाइन नंबर -104 और राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर- 1075 पर संपर्क किया जा सकता है। अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कोविन पोर्टल पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों का पहले ही पंजीकरण करवाया जा चुका है। 28 जनवरी (गुरुवार) व 29 जनवरी (शुक्रवार) को भी इतने ही स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे। इस तरह तीन दिन में 4.45 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। 


प्रदेश में अब करीब 1483 सेशन टीकाकरण के चलेंगे। इसके अंतर्गत प्रत्येक में सौ-सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे। 16 जनवरी को टीकाकरण से छूटे करीब नौ हजार स्वास्थ्य कर्मियों को भी बुलाया गया है। प्रदेश में कुल नौ लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे। अगले हफ्ते गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन टीकाकरण होगा। अब तक 20 लाख डोज वैक्सीन मिल चुकी है। यानी स्वास्थ्य कर्मियों को दो डोज वैक्सीन की आराम से लगाई जा सकेगी।


अलीगढ़ में जायजा लेने पहुंचे थे सीएमओ, खुद झाड़ू लगाने लगे

अलीगढ़ में जिला अस्पताल समेत जिले के 10 केंद्रों पर टीकाकरण शुरू हो गया है। इस दौरान टीकाकरण कार्य की स्थिति देखने के लिए सीएमओ डा. बीपीएस कल्याणी जिला मलखान सिंह अस्पताल पहुंचे तो उनका पारा चढ़ गया। यहां नौ बजे से टीकाकरण होना था, मगर साढ़े नौ बजे तक भी टीकाकरण शुरू होना तो दूर, ठीक से साफ-सफाई तक नहीं हुई थी। सीएमएस तक नदारद थे। सीएमओ ने स्टाफ को खूब खरी-खरी सुनाई और झाड़ू लेकर खुद ही टीकाकरण स्थल की सफाई शुरू कर दी।


इसकी जानकारी मिलते ही सीएमएस डा. रामकिशन मौक पर पहुंचे। दावा करने लगे कि रातभर तैयारी में जुटे रहे हैं। सीएमओ ने पूछा कि फिर गाइडलाइन के अनुसार समय से टीकाकरण शुरू क्यों नहीं हो पाया? टीकाकरण स्थल पर कोई तैयारी तक नहीं। यह सुनने के बाद सीएमएस अपनी गालती माने की बजाय सीएमओ से ही उलझ गए। बोले, सबका टीकाकरण हमारी जिम्मेदारी है, हम लगवा देंगे। काफी देर तक नोकझोंक के बाद सफाई शुरू हुई। करीब दस बजे टीकारण शुरू हो सका।