घने कोहरे की जद में पूर्वांचल, कोहरे की ओट से गलन ने की चोट
गाजीपुर न्यूज़ टीम,वाराणसी. पूर्वांचल में मौसम शुक्रवार को सबसे दुश्वारियों भरा रहा। सुबह से ही घने कोहरे की जद में पूर्वांचल लिपटा नजर आया। आसमान से मानो ठंड ने दोबारा गलन बरसानी शुरू कर दी हो। मौसम में यह बदलाव पूर्व निर्धारित ही था। क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का असर आने वाला था जिसकी वजह से मौसम में बदलाव शुरू हो गया था। हालांकि, यह असर चीन की ओर पहाड़ों से टकराकर लौट गया अन्यथा बादलों की भी सघनता पूर्वांचल में नजर आती।
शुक्रवार की सुबह अंधेरे से ही कोहरे का असर दिखने लगा और दिन चढ़ने के साथ ही और घना होता गया। सुबह कोहरा इतना घना हो गया कि वाहन सड़कों पर फॉग लैंप में रेंगते नजर आए। हालांकि, सुबह आठ बजे के बाद से कोहरा कटना शुरू हुआ और नौ बजे तक वातावरण में कोहरे का असर कम हो गया। जबकि धूप के लिए लोगों को दिन और चढ़ने तक का इंतजार करना पड़ा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता अधिकतम 95 फीसद और न्यूनतम 51 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार हिमालय से होकर एक विक्षोभ गुजर रहा है। जिसके प्रभाव से उत्तर भारत में गलन का असर दोबारा शुरू हो गया है।
कोहरे के बाद निकली धूप, जल्द बनारस होगा कोल्ड वेव की चपेट में
बनारस के मौसम में उतार-चढ़ाव नियमित रूप से जारी है। सुबह - सुबह प्रचंड कोहरे से बनारस की विजिबिलिटी 50 मीटर तक चली गई। हालांकि नौ बजे के बाद कोहरा काफी हद तक छंट चुका था और खिली धूप निकल आई। इससे ठंड में थोड़ी कमी महसूस की गई। आज अभी तक बनारस में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस तक गया। वहीं आर्द्रता 95 फीसद तक दर्ज की गई। इस बीच अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक फीसद ज्यादा रहा।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार ठंड भले ही दो दिन से कम हो गई है, मगर ठंड फिर से कचोटने और ठिठुराने को तैयार है। तापमान गिरने के साथ ही कोहरा भी बढ़ने के आसार हैं, जिससे ठंड थोड़ा ज्यादा होगा। बनारस में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम नहीं हुआ है, कल से इसका असर काशी समेत पूर्वांचल के लोगों को देखने को मिलेगा। हिमालय पर तेजी से बर्फबारी और सर्द हवाओं का दौर जारी है, जिसकी शीतलता बनारस को कोल्ड वेव के चपेट में ले आएगी।
