Ghazipur: फर्टिलाइजर की एजेंसी पाने के चक्कर में ग्राम प्रधान हुए ठगी के शिकार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. फर्टिलाइजर की एजेंसी पाने के चक्कर में जालसाजों के झांसे में आकर ग्राम प्रधान धर्मागतपुर मनीष यादव ठगी के शिकार हो गए। ठगों ने फर्जी फर्म के खाते में एक लाख 87 हजार मंगा लिया।
इसके बाद मोबाइल बंदकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पीड़ित ग्राम प्रधान मनीष यादव ने बताया कि एक माह पूर्व एक फर्म के मैनेजर और आडिटर ने चार पहिया से कई दिनों तक उसके घर आकर एजेंसी देने का लालच दिया। इनके झांसे मेें आकर तीन बार में एक बैंक के खाते में 187000 जमा कर दिया। अब जब उन्हें कृषि कार्य से संबंधित सामान भेजने की बारी आई, तो उनका मोबाइल स्विच आफ हो गया। इसको लेकर ग्राम प्रधान को अब ठगी का अहसास हुआ है। कई बार जब उनके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया तो फोन बंद मिला। इससे ठगी का एहसास हुआ। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि साइबर क्राइम कहने वाले अपराधियों ने ट्रेंड बदल दिया है। पहले खाते से खरीदारी करके पैसे उड़ा देते थे। अब तो सीधे तौर से एजेंसी एवं फर्म दिलाने के नाम पर कई दिनों तक बहला-फुसला रहे हैं। इसके बाद ठगी जैसे कृत्य को अंजाम देने में लगे हुए हैं।
