Today Breaking News

Ghazipur: अनुपस्थित प्रधानाचार्यो को कारण बताओ नोटिस जारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. राजकीय सिटी इंटर कालेज के सभागार में शनिवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं पर चर्चा की गई और संसाधनों की जानकारी ली गई। बैठक में राजकीय बालिका इंटर कालेज सादात, जमानिया, राजकीय हाईस्कूल रामपुर बलभद्र और खानपुर के प्रधानाचार्य उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति, चहारदीवारी, परीक्षा कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, बहुउद्देशीय कक्ष, स्मार्ट क्लास के निर्माण के संबंध में प्रधानाचार्यों से जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यालय के जिस किसी खाते में पर्याप्त धन उपलब्ध हो तो उससे विद्यालय का छोटे कार्य वे अनुमति लेकर करा सकते हैं। प्रधानमंत्री जन विकास योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में मुख्यालय और विकास खंडों में स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कालेजों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी है। इस संबंध में जिले के तीन इंटर कालेजों का लगभग 14 करोड़ का प्रस्ताव पूर्व में भेजा गया था लेकिन इसमें पुन: संशोधित कर भेजा जा रहा है। जिन विद्यालयों का संशोधित प्रस्ताव भेजा जा रहा है उनमें राजकीय सिटी इंटर कालेज गाजीपुर (पांच करोड़ 36 लाख), राजकीय बालिका इंटर कालेज गाजीपुर (चार करोड़ 96 लाख) और राजकीय बालिका इंटर कालेज दिलदारनगर (तीन करोड़ 62 लाख 55 हजार ) शामिल है।


डीआईओएस ने कहा कि राजकीय बालिका इंटर कालेज जमानिया, दिलदारनगर, मुहम्मदाबाद, नारी पचदेवरा में विद्यालय का भवन जर्जर है। इस संबंध में उन्होंने वहां की प्रधानाचार्यों से विस्तृत जानकारी ली और उनसे प्रस्ताव भी मांगा। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत संचालित सभी 16 राजकीय हाईस्कूलों में चहारदीवारी नहीं है। इसकी जानकारी प्रधानाचार्यों से ली। विद्यालयों में समतलीकरण के लिए मिट्टी की आवश्यकता है। इस संबंध में भी जानकारी ली। जिले में संचालित सभी 28 राजकीय विद्यालयों के स्थापना वर्ष की सूचना संकलित कराई। इस सूचना को संकलित करने के लिए कार्यालय सहायक शाहनवाज, विजय वर्मा और बबुआ यादव को लगाया गया था।

उन्होंने कहा कि जिले में राजकीय बालिका इंटर कालेज मुहम्मदाबाद और राजकीय बालिका इंटर कालेज जमानिया दो ऐसे विद्यालय हैं जहां कक्षाछह से 12 तक की कक्षाओं के साथ-साथ कक्षा एक से पांच तक की कक्षाएं भी चलती हैं। इन विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं के संबंध में उन्होंने वहां की प्रधानाचार्या से चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। बैठक में प्रधानाचार्य रामअवतार यादव, हरेंद्र कुमार, सीपी सिंह, सुधा सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, मालविका सिंह, सुमन लता, शीला, सुधीर कुमार विश्वास, शिवानंद यादव, जगपत यादव, रामाश्रय प्रसाद, रीता यादव, आशा कुशवाहा, पायल जायसवाल, दुर्गावती उपस्थित रहीं।