Today Breaking News

Ghazipur: सात माह बाद भी भुगतान न होने से आक्रोशित मनरेगा मजदूरों ने किया प्रदर्शन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बिरनो क्षेत्र के कहोतरी निवासी मनरेगा मजदूरों ने किए गए कार्यों का सात माह बाद भी भुगतान नहीं होने पर रविवार को हाथ में जाबकार्ड लेकर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना था कि पैसा नहीं मिलने से उन्हें घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।

कहोतरी गांव में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने मनरेगा में मजदूरी की थी। 70 की संख्या में मजदूरों ने गांव के खेत के समतलीकरण का कार्य मनरेगा के तहत 16 दिन तक किया था। जून माह 2020 में किए गए कार्य की मजदूरी लगभग ढ़ाई लाख रुपये अभी तक नहीं मिली। इससे मजदूरों के सामने आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है। बार-बार शिकायत के बावजूद मजदूरी के रुपये नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। बताया कि विगत दिनों उन्होंने प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला से इस मामले की शिकायत की तो उन्होंने ने कहा कि जल्द ही आपके खाते में मजदूरी भेज दी जाएगी। बावजूद इसके कोई सुधि नहीं ले रहा है। उनके पास आय का दूसरा कोई साधन नहीं है। इससे उन्हें घर का खर्च चलाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में हर वक्त हमें भुखमरी की आशंका सता रही है। खंड विकास अधिकारी प्रीति तिवारी ने बताया कि मजदूरों की ओर से शिकायत मिली है। इसकी जांच कराकर यदि कोई दोषी होगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जल्द मनरेगा मजदूरों का भुगतान कराया जाएगा। भरत बिद, बलवंत यादव, जयराम बिद, उमानाथ, रामजीत, रामप्रसाद, अलगू बिद, संजय बिद आदि थे।