Today Breaking News

Ghazipur: ट्रक से कुचलकर वृद्ध की मौत, मचा कोहराम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नगर कोतवाली के आलमपट्टी चौराहे पर गुरुवार की दोपहर ट्रक ने पैदल जा रहे नोनहरा गांव निवासी कपिलदेव कन्नौजिया (70) को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। चालक कुछ दूर जाकर ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नोनहरा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी कपिलदेव राम नगर में खरीदारी के लिए आए थे। गाजीपुर घाट पर आटो से उतरने के बाद वह पैदल ही नगर में आ रहे थे। आलमपट्टी चौराहे पर पहुंचे थे कि रौजा की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। इससे कुचलकर मौके पर उनकी मौत हो गई। यह देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग पहुंचते चालक तेजी से मौके से फरार हो गया। करीब आधा किमी दूर जाकर ट्रक को सड़क के किनारे खड़ी फरार हो गया। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। कपिलेदव के पुत्र अरुण की तहरीर पर चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया गया है।


छत से गिरकर युवक की मौत

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत चकशाह मुहम्मद उर्फ मलिकपुरा के विवेकानंद कालोनी में गुरुवार की सुबह छत से गिरकर राजेश शर्मा (38) की मौत हो गई। इससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।


राजेश शर्मा नटराज कटरा से सटे मलिकपुरा के एक व्यवसायी के छत पर खड़ा होकर पेड़ की टहनी काट रहा था। इसी दौरान असंतुलित होकर वह छत से नीचे गिर गया। इससे उसके सिर व कमर में गंभीर चोट लग गई। ग्राम प्रधान शशिकांत शर्मा भुंवर उसे इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे। भीटी चौराहे तक पहुंचते ही राजेश ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में पत्नी इंदु देवी के अलावा दो पुत्रियां प्रीति व रीति हैं। राजेश की मौत से परिवार के समक्ष भरण-पोषण का संकट पैदा हो गया है। उसका दाह संस्कार बिना पोस्टमार्टम कराए ही परिवार ने कर दिया।