Today Breaking News

Ghazipur: ट्रैक्टर से भिड़ा आटो, चालक सहित पांच महिलाएं घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां नगर पालिका क्षेत्र के जुनेदपुर मोहल्ला के सामने एनएच-24 पर गुरुवार की दोपहर ओवरटेक के दौरान आटो व ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। इसमें आटो चालक सहित पांच महिलाएं घायल हो गईं।

ताजपुर मांझा निवासी आटो चालक सुनील चौधरी कस्बा बाजार से सवारी लेकर जिला मुख्यालय की तरफ जा रहा था। एनएच-24 पर जुनेदपुर मोहल्ला के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर में भिड़ गया। इससे आटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज व महिलाओं की चीख पुकार सुन लोग दौड़े और आटो से महिलाओं को बाहर निकाला। इस हादसे में ताजपुर मांझा निवासी आटो चालक सुनील चौधरी (22), सब्बलपुर निवासी मुन्नी देवी (45) व मीरा देवी (50) तथा हरपुर निवासी रंभा देवी (40), उमानंद देवी (35) व कालनपुर निवासी सुनीता देवी (30) घायल हो गईं। हालत चिताजनक होने पर चिकित्सकों ने रंभा व सुनीता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। घटना के बाद लोगों की भीड़ एनएच पर जुट गई। वहीं मौके से ट्रैक्टर चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर व आटो को बीच सड़क से हटवाया।