गोरखपुर में बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गाजीपुर का सिपाही गिरफ्तार, डायल 112 में तैनात था
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोप में एक सिपाही को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 28 जुलाई की रात को हुई, जब बच्ची अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल गई थी।

आरोपी की पहचान डायल-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के चौरा गांव का निवासी है।
बच्ची का परिवार आजमगढ़ का रहने वाला है और गोरखपुर में किराए के मकान में रहता है। 28 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे बच्ची अपनी बीमार बड़ी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल गई थी। रात 10 बजे घर लौटते समय वह लापता हो गई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अस्पताल और आसपास के लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची को अस्पताल से निकलने के बाद एक वर्दीधारी व्यक्ति की बाइक पर बैठते हुए देखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने सिपाही अभिषेक यादव को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बच्ची को बहाने से ले जाने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर गुरुवार सुबह श्मशान घाट के पास से बच्ची का शव बरामद किया गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी अभिषेक यादव 2018 बैच का सिपाही है और गोरखपुर में डायल-112 में तैनात था। आरोपी के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 4 वर्षीय बेटी और एक 1 वर्षीय बेटा शामिल है।