गाजीपुर में युवक के सिर में गोली मारकर हत्या, नहर किनारे मिला शव
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव नहर के किनारे गुरुवार की सुबह में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फॉरेंसिंक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। स्टूडेंट के सिर के नीचे एक गोली मिली है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे परिजन ने मृतक की पहचान की। बड़े भाई ने कहा कि यह वाराणसी में रहकर सरकारी नौकरी के लिए तैयारी करता था, लेकिन पता नहीं कब यह वाराणसी से घर लौटा है। पिता की तहरीर पर केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुट गई है। यह पूरा मामला जिला मुख्यालय 30 किमी की दूरी पर शादियाबाद थाना क्षेत्र का है। मर्दापुर निवासी इंद्रा देवी (48) की शादी मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव निवासी राजेंद्र यादव से हुई थी। इंद्रा देवी अपने दो बेटे राहुल यादव (28) व रोहित (23) और बेटी सरिता (25) के साथ मायके में रहती थी। बेटी सरिता की शादी हो चुकी है जबकि बड़ा बेटा राहुल गांव में रहता है।
वहीं, रोहित वाराणसी में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी करता था। इसके साथ ही शेयर मार्केट में भी पैसा लगाता था। करीमुल्लापुर नहर के पास सुबह करीब 11 बजे रोहित का शव मिला। सूचना पर दरोगा प्रभाकर सिंह और लक्ष्मन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक के बड़े भाई राहुल ने कहा, "रोहित कब गांव आया है, इसकी मेरे परिवार को बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। हमारे गांव के प्रधान का सुबह 11 बजे फोन आया कि नहर के पास एक शव मिला है। सूचना मिलते ही मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। वहां जाकर देखा तो वह मेरे छोटे भाई रोहित का शव था। वह तो वाराणसी में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।"
वहीं, मृतक के मामा मनोज यादव ने कहा, रोहित एक साल से वाराणसी में रह रहा था। उससे फोन पर बात होती थी। वह कब लौटा हमको पता ही नहीं चला। हमको सुबह 10 बजे फोन पर एक लड़के ने गाली-गल्लौज की शिकायत दी थी, लेकिन मैं व्यस्त होने के कारण दुबारा उस नंबर पर संपर्क नहीं कर पाया। एक बार संपर्क किया भी तो फोन बंद आ रहा था।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मृतक की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
