Today Breaking News

बनारस में सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा व सिगरेट बिक्री पर लगेगी रोक, 15 दिन चलेगा जागरूकता अभियान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने स्कूल-कालेज समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा, सिगरेट बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर गुरुवार को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। यह कार्यक्रम 31 मार्च 2021 तक चलने हैं।

स्टेट कोआर्डिनेटर श्रेया ने नशा मुक्त भारत अभियान की कार्य योजना प्रस्तुत कीं। समाजसेवी संगठनों ने नशा मुक्ति अभियान को लेकर अब तक चलाए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। डीएम ने समस्त थाना क्षेत्रों में दो दिन के अंदर मीटिंग करा कर सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा-सिगरेट आदि की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया। कहा कि सभी स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशे से संबंधित चीजों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रधानाध्यापकों के साथ शीघ्र मीटिंग करने की बात कही। कहा कि नशा मुक्ति आंदोलन हेतु स्वयंसेवकों की  ट्रेनिंग कराया जाए। प्रत्येक कार्यालय में गुटखा, सिगरेट व नशे की चीजों के प्रयोग पर कार्रवाई के लिए अधिकारी नामित किया जाए। कहा कि 15 दिन तक जागरूकता अभियान चलाने के बाद नशा करते हुए जो भी भी मिले,  जुर्माना लगाया जाए। नशा मुक्ति आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए वार्ड, ग्राम पंचायतवार कमेटी बनाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नशा मुक्ति से संबंधित शपथ भी दिलाई।


'