Today Breaking News

Ghazipur: मकर संक्राति के त्योहार को लेकर बाजार हुए गुलजार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मकर संक्रांति के पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी तेज हो गयी है। इस बार मकर संक्राति 14 जनवरी को मनाया जायेगा। इसे लेकर बाजारों में चूड़ा, तिलकुट, गुड़ सहित अन्य सामग्रियों की कई दुकानें सज गयी हैं और खूब खरीदारी भी की जा रही है। वर्ष 2021 का यह पहला पर्व है। इस दिन लोग गंगा स्नान कर यथासार्मथ्य दानपुण्य का कार्य करेंगे। साथ ही लाई-चूरा व तिलकुट-तिलवा का स्वाद चखने के साथ ही बच्चे व युवा वर्ग पतंगबाजी का आनंद उठायेंगे।

मकर संक्रांति पर सूर्य के उत्तर दिशा में जाने से दिन बड़े होने लगता है और इसी के साथ वसंत ऋतु का आगमन भी शुरू हो जाता है। सूर्य का उत्तर दिशा में होने का आध्यात्मिक रूप से इसका काफी महत्व बढ़ जाती है। उत्तरायण में सूर्य के होने से लोगों में नई ऊर्जा का संचार होता है और रोग, दोष, संताप आदि व्याधियों से उन्हें मुक्ति भी मिलती है। मकर संक्रांति से करीब छह माह तक देह त्याग करने वाले व्यक्ति को मोक्ष प्राप्त होता है। यह पर्व पौष मास में जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है, तभी इसे मनाया जाता है। इस बार यह शुभ दिन गुरुवार 14 जनवरी को पड़ रहा है। श्रद्धालुजनों के लिए इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ, जप, तप, दान आद का विशेष महत्व है। सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करेता है, तब पांच ग्रहों का संयोग बनता है, जिसमें सूर्य, बुध, गुरु, चंद्रमा और शनि भी शामिल रहता है। इसलिए इसकी महत्ता काफी बढ़ जाती है। 


वैसे तो मकर संक्रांति इस देश के प्रमुख पर्वों में से एक है। मकर संक्रांति पूरे देश में व इसके समीप देश नेपाल में भी मनाया जाता है, लेकिन इसका रूप अलग होता है। वहां की संस्कृति के अनुसार इसे मनाया जाता है। हालांकि इस पर्व को लेकर अक्सर 14 व 15 को लेकर भ्रांतियां भी बनी रहती है, लेकिन इस बार भ्रांतियों का विषय नहीं है। सूर्य धनु राशि को छोड़ मकर राशि में प्रवेश करता है। इस पर्व को तमिलनाडु में पोंगल नाम से भी जाना जाता है, जबकि कर्नाटक, केरल तथा आंध्र प्रदेश में इसे केवल संक्रांति ही कहा जाता है। इस पर्व को लेकर दोपहर बाद से देर शाम तक बाजारों में खरीदारी की जा रही है। शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, लालदरवाजा, चीतनाथ, नवाब साहब फाटक, सिटी स्टेशन माल गोदाम रोड, भुतहियाटाड़, गोराबाजार, पीरनगर, महुआबाग, नवापुरा आदि जगहों पर दुकानें सजी हुई हैं। जहां इस पर्व को लेकर तिल, गुड़, चूड़ा, मूढ़ी के साथ तिलकुट का बाजार पूरी तरह सज गया है। कहीं-कहीं तो फुटपाथ पर भी दुकानें सजी दिखीं। इसे लेकर हरी सब्जियों का बाजार भी देर शाम तक गुलजार हो रहा हैं। कुल मिलाकर लोग पूरी तरह मकर संक्रांति के पर्व को लेकर तैयारी में जुटे गये हैं। पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिख रहा है। वहीं खिचड़ी पहुंचाने की भी परंपरा भी निभायी जा रही है। लोग खिचड़ी लेकर अपने-अपने रिश्तेदारों के यहां जाने लगे हैं।


 
 '