Today Breaking News

Ghazipur: तीन माह बाद पीपा पुल पर चलना शुरू हुए छोटे वाहन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुहम्मदाबाद बच्छलकापुरा-रामपुर गंगा तट पर निर्माणाधीन पीपा पुल पर निर्धारित अवधि के लगभग तीन माह बाद मंगलवार से छोटे वाहनों का आवागमन शुरु हो गया। खबर प्रकाशित होने के बाद पुल चालू होने से इलाकाई लोगों में खुशी है। 

पीपापुल पर 15 अक्तूबर से 15 नवंबर के मध्य वाहनों का आवागमन शुरू हो जाना चाहिए। 15 जून को पुल बंद कर दिया जाता है। इसके चालू न होने से क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, छात्रों एवं आम राहगीरों को काफी असुविधा उठानी पड़ रही थी। अमर उजाला ने पुल के चालू न होने से क्षेत्रीय लोगों को हो रही परेशानियों से संबंधित खबर लगातार प्रकाशित किया। बीते 10 जनवरी को परेशानियों जुड़ी खबर प्रकाशित होते ही अधिकारियों ने इसे संज्ञान में लिया। 


ऐसे में मंगलवार से पुल पर दो पहिया एवं छोटे वाहनों का आवागमन शुरु करा दिया। तीन खंड में तैयार किए गए पुल की रेलिंग पर तार लगाया जाना है। साथ ही रेत एवं पुल पर लोहे की प्लेटें भी लगा दी जाएंगी। पुल के चालू नहीं होने से किसानों को नाव से आना-जाना पड़ रहा था। जबकि दो एवं चार पहिया वाहनों को 40 किमी की अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। इस वर्ष गंगा तीन भागों में विभक्त हो गई है। एक बच्छलकापुरा तट से दियरा तक, दूसरा मुख्य एवं तीसरा रामपुर तक की ओर बना कोला। पिछले दिनों पुल तैयार होते ही रामपुर तट की तरफ कटान हो जाने से पुल पर आवागमन शुरु नहीं हो पाया। पीडब्ल्यूडी के मेठ अशोक राय ने बताया कि पुल पर छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। रेलिंग एवं चादर बिछाने का कार्य भी शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा।

 
 '