Ghazipur: २५ लोगों को मिला किसान सम्मान योजना का प्रशस्ति पत्र
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार किसान कल्याण मिशन के तहत गुरुवार को सादात ब्लाक मुख्यालय पर कृषि मेले का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य शिवानन्द सिंह मुन्ना ने उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि ने 25 लोगों को किसान सम्मान योजना का प्रशस्ति पत्र दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानन्द सिंह ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने किसान हित को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया है, जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है। इससे न सिर्फ उनकी आय दोगुनी हुई है बल्कि उन्हें अन्य लाभ भी मिला है। उन्होंने कहा कि किसान मेले का उद्देश्य किसानों को प्रदेश और केंद्र सरकार की किसानोन्मुखी योजनाओं के बारे में जानकारी देना और आय बढ़ाने के उपाय बताकर उनको जागरूक करना है। कहा कि समूचे विश्व में मोदी का डंका बज रहा है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र यादव ने कहा कि यह सरकार किसानों की हितैषी है। तमाम योजनाओं का लाभ किसानों को मिल रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डीके सिंह ने किसानों को रासायनिक की बजाय जैविक खाद से खेती करने पर बल देते हुए मृदा रखरखाव संबंधी जानकारी दी। सीडीपीओ मीनाक्षी ने बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। पशु चिकित्साधिकारी डा. जनार्दन मौर्य ने बर्ड फ्लू के बारे में बताते हुए अफवाहों से सावधान रहने की बात कही। यूबीआई शाखा प्रबंधक विनय कुमार एवं बीओबी के प्रबंधक कुणाल केशरी ने बैंक द्वारा किसानों को द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। अतिथियों ने बाल विकास परियोजना की तरफ से दो गर्भवती महिलाओं की गोंद भराई का कार्यक्रम सम्पन्न कराया। विभिन्न विभाग द्वारा स्टाल लगाया गया था।
