Today Breaking News

गौशालाओं की देखरेख के लिए 14 पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती करेगी योगी सरकार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. शहरों में गौशालाओं की देखरेख के लिए नगर निगमों में पशु चिकित्साधिकारी रखे जाएंगे। पहले चरण में 14 पशु चिकित्साधिकारियों को रखा जाएगा। नगर निगमों में पिछले कई सालों से पशु चिकित्साधिकारियों की भर्तियां नहीं हुई हैं, प्रतिनियुक्ति के सहारे काम चलाया जा रहा है। चयन संस्तुति के बाद इन पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

राज्य सरकार ने पशुओं को आश्रय देने के लिए शहरी क्षेत्रों में गौशालाएं बनवाई हैं। इनमें छुट्टा जानवरों को रखने की व्यवस्था की गई है। इसमें पशुओं के रहने और खाने की व्यवस्थाएं कराई गई हैं, लेकिन गौशालाओं में रहने वाले पशुओं की देखरेख के लिए निकायों के पास पशु चिकित्साधिकारी नहीं है। इसीलिए पहले चरण में 14 पशु चिकित्साधिकारियों को रखने का फैसला किया गया है। पहले चरण में इन्हें बड़े नगर निगमों में रखा जाएगा और बाद में अन्य नगर निगमों के लिए भर्तियां की जाएंगी।


मौजूदा समय प्रदेश के अधिकतर निकायों में जरूरत के आधार पर पशुधन विभाग के पशु चिकित्साधिकारियों को रखकर काम चलाया जा रहा है। प्रतिनियुक्ति पर रखे गए पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। इसीलिए विभागीय स्तर पर होने वाली भर्तियों के बाद प्रतिनियुक्ति पर आए पशु चिकित्साधिकारियों को केवल जरूरत के आधार पर ही रखा जाएगा। इसके साथ ही सहायक अभियंताओं के रिक्त पदों पर भी भर्तियां करने संबंधी प्रस्ताव है। रिक्त पदों का ब्योरा तैयार करते हुए प्रस्ताव भेज दिया गया है। सबसे अधिक जलकल विभाग में सहायक अभियंताओं की कमी है। इसके अलावा ट्रैफिक और विद्युत यांत्रिक सहायक अभियंताओं के पदों पर भर्तियां की जाएंगी।


किसके कितने पद

सहायक अभियंता जलकल              51

पशु चिकित्साधिकारी                      14

सहायक अभियंता विद्युत,यांत्रिक     06

सहायक अभियंता ट्रैफिक               04

कर निर्धारण अधिकारी                   12

सफाई निरीक्षक                            45

 

'