Today Breaking News

Ghazipur: डीएम ने पूछा, अपात्र किसानों पर क्या हुई कार्रवाई

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक में मंगलवार को डीएम मंगला प्रसाद सिंह के तेवर सख्त रहे। कृषि अधिकारी से पूछा कि किसान सम्मान निधि लेने वाले अपात्र किसानों और उन्हें पात्र घोषित करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की। इस पर जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह बगले झांकने लगे। वह उचित जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने ऐसे किसानों व अधिकारियों, कर्मचारियों पर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

राइफल क्लब में बैठक ले रहे डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान योजना को लेकर भी सवाल उठाए। पूछा कि सरकारी अस्पतालों में केवल 59 लाभार्थियों ने उपचार कराया, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में 7500 ने, ऐसा क्यों। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि सरकारी अस्पताल के कार्यशैली में कहीं न कहीं गड़बड़ी है। आखिर क्यों वे प्राइवेट अस्पतालों की ओर रुख कर रहे हैं। यह एक चिता का विषय है। इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा, समाज कल्याण, दिव्यांग, प्रोबेशन, कृषि, जल निगम, बेसिक शिक्षा, गन्ना, विद्युत, सहकारिता, आरइएस, बाल विकास, सिचाई, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, आइजीआरएस आदि विभागों द्वारा कराई जा रही शासन की योजनाओं के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया। 


जनपद में कितनी सड़कें सही स्थिति में हैं और कितनी खराब स्थिति में व कहां-कहां कार्य कराया जा रहा है उसकी सूची उपलब्ध कराने को कहा। कृषि अधिकारी द्वारा सोलर पंप कृषक चयन के संबंध में बताया गया कि 55 कृषकों का चयन कर लिया गया हैए जिसमें 24 की पूर्ति एवं 13 स्थापित कर दिये गए हैं। उन्होंने सीवर पाइप लाइन में गुणवत्ता पूर्ण मैटेरियल्स के प्रयोग करने तथा उस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसमें किसी प्रकार कि लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सरकारी सस्ते गल्ले की खाली पड़े दुकानों की आवंटन ने होने की स्थिति में नाराजगी व्यक्त करते हुए 17 फरवरी तक प्रत्येक दशा में दुकानों का आवंटन करने का निर्देश दिया। जिन ग्राम सभाओं में अभी तक तालाबों का पट्टा नहीं हुआ उसे तत्काल पट्टा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का ससमय निस्तारण करने को कहा। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र दुबे द्वारा गलत डाटा फीडिग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण एवं मिशन प्रभारी प्रदीप श्रीवास्तव को प्रतिकूल प्रविष्ट देने का निर्देश दिया।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ताए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी, दिव्यांग कल्याण अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पलिका व पंचायत, बीएसए एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी थे।

 
 '