Today Breaking News

Ghazipur: सतर्कता संग आज से खुलेंगे कक्षा छह से आठ तक के स्कूल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जनपद में कोरोना काल से ही बंद चले रहे छठवीं से आठवीं तक के स्कूल बुधवार से खुल जाएंगे। अब तक केवल बोर्ड कक्षाओं के लिए ही स्कूल खुल सके थे। इसे लेकर सरकारी और निजी स्कूलों ने अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्कूल में नियमित सैनिटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिग व छात्रों के बीच शारीरिक दूरी बनाने के लिए व्यवस्था की गई है।

प्रत्येक कक्षा में छात्रों की कुल क्षमता की 50 प्रतिशत उपस्थिति प्रथम दिन रहे तथा शेष 50 प्रतिशत की उपस्थिति दूसरे दिन रहेगी। इस प्रकार किसी भी कार्य दिवस पर किसी भी कक्षा में कुल क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति नहीं होगी। शासन से यह आदेश जारी होने के बाद निजी व सरकारी स्कूलों ने भी कक्षाओं के संचालन के लिए अपने स्तर से व्यवस्था शुरू कर दी है। स्कूलों ने छात्र-छात्राओं को स्कूल भेजने को लेकर अभिभावकों की राय जानने के लिए फोन काल और मैसेज के माध्यम से उनसे संपर्क साधना शुरू कर दिया है।


टाइम-टेबल - कक्षा दिन

कक्षा एक व पांच सोमवार व गुरुवार

कक्षा दो व चार मंगलवार व शुक्रवार

कक्षा तीन बुधवार व शुक्रवार

कक्षा छह सोमवार व गुरुवार

कक्षा सात मंगलवार व शुक्रवार

कक्षा आठ बुधवार व शनिवार


विद्यालय खोलने के पूर्व की तैयारी

- विद्यालय कैंपस एवं सभी कक्षाओं के फर्नीचर, उपकरण, स्टेशनरी भंडारकक्ष, पानी की टंकी, रसोईघर, शौचालय, पुस्तकालय आदि की सफाई।

- डिजिटल थर्मामीटर सैनिटाइजर व साबुन आदि की व्यवस्था की जाए।

- परिवहन व्यवस्था आरंभ किए जाने के पूर्व सैनिटाइजेशन करें।

- स्वास्थ्य जांच की सुविधा होनी चाहिए।

- टास्क टीम का गठन किया जाए।


छह फीट की दूरी पर बैठेंगे छात्र

छात्र-छात्राओं के बीच कम से कम छह फीट की दूरी के साथ बैठने की व्यवस्था करनी है। शिक्षक के स्टाफ रूम, कार्यालय व आगत कक्ष में भी छह फीट की दूरी का पालन होना चाहिए। विद्यालय के प्रवेश एवं निकास द्वार को भी विभिन्न कक्षाओं के अनुसार क्रमवार समय आवंटित करते हुए आने एवं जाने के लिए चिह्नित करना है। विद्यालय के सभी गेट को आगमन एवं प्रस्थान के समय खुला रखना है ताकि भीड़ एकत्रित न हो। प्राथमिक विद्यालय के वर्ग कक्ष बाहरी नोटिस बोर्ड या दीवाल आदि पर सामाजिक दूरी का पालन करने, मास्क लगाने, सैनिटाइजेशन, हाथ सफाई आदि के संबंध में मुद्रित पोस्टर लगाना है।


दो पाली में चलेंगी कक्षाएं

जिन कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है वहां पर दो पालियों में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इस संबंध में निर्णय स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा लिया जाएगा। यदि कक्षा का आकार छोटा हो तो कम्प्यूटर रूम, लाईब्रेरी व प्रयोगशाला आदि का भी उपयोग बैठने एवं छह फीट की दूरी का पालन करने के लिए उपयोग किया जा सकता है। अभी विद्यालय में खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे।


केवल अभिभावक आएंगे नामांकन कराने

कक्षा में नए नामांकन के समय केवल अभिभावक को ही बुलाया जाए। बच्चों के स्कूल आने के लिए माता-पिता की सहमति अनिवार्य है। सभी विद्यार्थी एवं विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी जो कार्य पर आएंगे उन्हें नियमित रूप से मास्क पहनना होगा।


मध्यान्ह भोजन में रखनी होगी सफाई

परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन भी दिया जाएगा। भोजन बनाते समय सफाई का ध्यान रखना है। रसोइयों को अपने स्वस्थ होने का घोषणा पत्र देना होगा। रसोइघर में मास्क पहनना अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार के आभूषणों को पहनने की अनुमति नहीं होगी। भोजन वितरण से पूर्व बच्चों को पंक्तिबद्ध रूप में निर्धारित दूरी रखते हुए उनके हाथों को साबुन से धुलवाया जाएगा। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत विद्यार्थियों को ताजा, गरम व पका-पकाया पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार दिया जाए।

शासन के निर्देश पर 10 फरवरी से कक्षा छह से आठ तक के स्कूल खोले जा रहे हैं। सभी सरकारी व निजी स्कूलों को शासन की गाइड लाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी दिया जाएगा।- श्रवण कुमार, बीएसए।

 
 '