Ghazipur: सीएम योगी के दौरे के बाद एक्सप्रेस-वे पर काम की रफ्तार तेज
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सीएम योगी के दौरे के बाद काम की रफ्तार अगले दिन से ही बढ़ गई है। सीएम ने अप्रैल में एक्सप्रेस-वे के आगाज की बात कहते हुए प्रगति को रफ्तार का चाबुक मारा है। सीएम के दो महीने में काम समाप्ति के अल्टीमेटम के बाद कार्यदायी संस्था ने दूसरे दिन से ही काम तेज कर दिया। अधूरे अंडरपास, ओवरब्रिज को पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या भी बढ़ा दी गई। सोमवार को एक्सप्रेस-वे पर काम करने वाले हाईवा और डंफर भी अधिक सक्रिय दिखे। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य काफी तेजी से होने से अप्रैल में एक लेन का चालू होना संभव दिखाई दे रहा है। निर्माण कार्य करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी की मानें तो 1 अप्रैल तक एक लेन हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का शुभारंभ वर्ष 2018 में किया गया था। इस एक्सप्रेस-वे को कुल 36 माह में पूर्ण करने का अनुमान था लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते यह बढ़ गया। एक्सप्रेस-वे को आठ पैकेज में विभाजित कर छह लेन का निर्माण कार्य 22494 करोड़ की लागत से औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से किया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 341 किलोमीटर के लगभग है। इसमें गाजीपुर के पैकेज का निर्माण करने वाली ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड को 52 किलोमीटर का निर्माण कार्य करना है। निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था के अधिकारियों की मानें तो लखनऊ से गाजीपुर तक कुल 85-90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कुतुबपुर में एक बड़े पुल की दीवार अभी अधूरी है, इसे पूर्ण करने में एक माह से ऊपर का समय लग सकता है। इसी प्रकार अभी कई पुलों का निर्माण होना बाकी है। साथ ही मिट्टी कार्य भी अधूरा है जिसे पूरा करने के लिए मंगलवार से कर्मचारी जुट गए हैं।
सीएम योगी के आगमन पर तेज रफ्तार से काम हो रहा है लेकिन अभी सड़क की एक लेन शुरू होने में समय लगेगा। इसमें नसीरपुर में पुलिया अधूरी है तो कई जगह अंडरपास पर काम जारी है। दो जगह अंडरपास का काम भी अभी प्रगति पर है जिसके बावजूद काम ने रफ्तार पकड़ी है जिसको देखते हुए अप्रैल में एक्सप्रेस-वे के आगाज की संभावनाएं हैं।
इन जिलों के लोगों को होगा लाभ
इस एक्सप्रेस-वे से जनपद लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, आंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ तथा गाजीपुर जिले में रहने वालों को काफी फायदा होगा। एक्सप्रेस-वे के क्रम में 18 फ्लाईओवर, 7 रेलवे ओवर ब्रिज और 7 लंबे पुल, 118 छोटे पुल, 6 टोल प्लाजा, 271 अन्डरपास और 503 पुलियों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सीईओ अवनीश अवस्थी ने सोमवार को बताया था कि कोशिश रहेगी कि पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर अप्रैल में पूरी तरह आवागमन चालू हो जाए। इसके साथ ही इस पर टोल टेक्स भी लगेगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जनपद गाजीपुर क्षेत्र का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, लगभग 52 किमी का हिस्सा बनाया जा रहा है।
