Ghazipur: दस हजार से ऊपर के बकाएदारों की कटेगी बिजली
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बिजली विभाग अब बकाएदारों को किसी भी हालत में छोड़ने के मूड में नहीं है। पांच किलोवाट से अधिक के उपभोक्ताओं से बकाया भुगतान की सौ फीसद वसूली करनी है। अब पांच किलोवाट से अधिक के बकाएदारों की संख्या शून्य कर देनी है। वहीं दस हजार से ऊपर के बकाएदारों से वसूली होगी।
अगर उपभोक्ता बकाया भुगतान नहीं करता है तो उसकी बिजली काट दी जाएगी। विभाग ने इसकी शुरुआत कर दी है। सोमवार को दस हजार से ऊपर के करीब 22 बकाएदारों का कनेक्शन काट दिया है। नगर में दस हजार से ऊपर के करीब चार हजार बकाएदार हैं और पांच किलोवाट से ऊपर के बकाएदारों की संख्या करीब साढ़े चार सौ है। शासन ने निजीकरण वापस लेने का फैसला लाइन लास रोकने एवं राजस्व बढ़ाने की शर्त पर लिया है। ऐसे में अब विभागीय अधिकारी लाइन लास कम करने एवं राजस्व वसूली के लिए हर कोशिश में लग गए हैं। प्रतिदिन अभियान चलाकर वसूली हो रही है। बकाया जमा करने के लिए शासन ने बकाएदारों को सरचार्ज माफी योजना लागू कर सुनहरा अवसर दिया था, लेकिन उन्होंने इसका लाभ नहीं उठाया। ऐसे में बकाया न देने वालों के खिलाफ विभाग भी कमर कस चुका है। नगर में दस हजार एवं पांच किलोवाट से ऊपर के बकाएदारों की सूची तैयार की जा चुकी है। विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी इनका बकाया वसूलने एवं बिजली काटने के क्रम में लग गए हैं। दस हजार से ऊपर एवं पांच किलोवाट से ऊपर के बकाएदारों पर कार्रवाई का दौर शुरू हो चुका है। नगर में एक टीम ऐसे लोगों से वसूली करने के साथ ही उनका कनेक्शन काट रही है।
