Today Breaking News

Ghazipur: विद्या की देवी का ध्यान, घर -घर हुआ अनुष्ठान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वसंत पंचमी का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। हर ओर विद्या की देवी पूजी गई। भक्तों ने मां की प्रतिमा पर अबीर-गुलाल लगाया और उनके पसंदीदा पीले फूलों से श्रृंगार किया। पूजा पंडालों में भक्ति गीतों की गूंज रही। वहीं स्कूल बंद होने के बावजूद ज्यादातर स्कूल, कालेज एवं शैक्षणिक संस्थानों में प्रतिमा स्थापित कर देवी की आराधना की गई। विद्यार्थियों ने मां वीणावादिनी से विद्या का वर मांगा। गली-मोहल्लों में भी युवकों ने पंडाल सजा कर मां सरस्वती की पूजा की। वहीं लोगों ने गंगा एवं गोमती में स्नान कर पूजन अर्चन किया। उधर, 744 स्थानों पर होलिकाएं गाड़ी गई।

शहर के विभिन्न मोहल्लों में मां सरस्वती की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की गई थी। सुबह से ही श्रद्धालु पंडालों में पहुंचने लगे थे। हर कोई मां को प्रसन्न करना चाहता था। ये सिलसिला रात तक चलता रहा। उधर गंगा में स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही। शाम को नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका गाड़ने का कार्यक्रम होता रहा। लोगों ने फाग गीत गाकर होलिकाएं गाड़ीं।


गहमर : स्थानीय गांव सहित क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, कालेजों, मोहल्ले व घरों में विद्या की देवी मां वीणावादिनी की पूजा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने उपस्थित होकर वाग्देवी की पूजा भक्तिभाव से किया। वहीं पूजन उपरांत अपने दोस्तों को अबीर गुलाल लगाकर वसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरा माहौल भक्तिमय हो रहा था। इस मौके पर कई विद्यालयों में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति की। इस दौरान उनके अभिभावक भी शामिल हुए और उनकी हौसला आफजाई की।


मुहम्मदाबाद : नगर के शाहनिन्दा, शैवटोला, दक्षिण मोहल्ला, कोट, तिवारी टोला, यूसुफपुर बाजार, चक शाह मुहम्मद उर्फ मलिकपुरा के अलावा विभिन्न गांवों में जगह जगह युवकों व समितियों की ओर से मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई थी। भक्ति गीतों से पूजा पंडाल गुंजायमान हो उठा था। यूसुफपुर बाजार स्थित मशीनरी रोड में काफी आकर्षक पंडाल बनाकर वीणा वादिनी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस मौके पर लोगों ने जौ की बाली भूनकर उसमें गुड़ व घी मिलाकर नेवान किया।


निकाली गई सांईनाथ की पालकी और शोभायात्रा

नवाबगंज स्थित शीतला मंदिर से साईनाथ की पालकी और शोभायात्रा निकाली गई। कंधे पर बाबा की पालकी लिए साई भक्त जयकारे लगाते रहे। इस बीच ढोल, नगाड़े, ताशा और डीजे की धुन पर साईनाथ के भजन बज रहे थे। यात्रा में शामिल महिलाएं व पुरुष माथे पर साईनाथ की पीली पट्टी और कंधे पर पीला दुपट्टा लिए चल रहे थे। मंदिर पर पहुंचने के बाद पालकी को परिसर में ले जाया गया और विधिवत हवन-पूजन किया गया। शोभायात्रा नवापुरा स्थित श्रीदुर्गा शिव साई मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। जहां भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। यात्रा में मयूर भारतीय, योगेश कुमार, संतोष जायसवाल, राकेश श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार राय, चंदन विश्वकर्मा, सुनील वर्मा, अनिल वर्मा आदि साई भक्त शामिल थे।

 
 '