Today Breaking News

Ghazipur: अब तक 1.62 लाख लोगों का बनाया गया गोल्डन कार्ड, लक्ष्य करीब 7.77 लाख

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस समय तेजी से गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं। जनपद में गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य करीब 7.77 लाख है, जिसके सापेक्ष अब तक तकरीबन 1.62 लाख गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़उर में अब तक 5938 लोगों का कार्ड बनाया जा चुका है। यहां 6441 लाभार्थी परिवार के 33205 सदस्यों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया है। आशा संगिनी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से ब्लाक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) शिवकुमारी देवी इसमें लगी हुई हैं।

बीसीपीएम ने बताया कि शासन की ओर से उनके सीएचसी को जो लक्ष्य दिया गया है, उस लक्ष्य में 147 गांव की सूची दी गई है, लेकिन इसमें से 106 गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़उर के अंतर्गत आते हैं। शेष गांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद और कासिमाबाद में हैं, जिसमें कुल लाभार्थियों की संख्या 27234 है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डाटा आपरेटर/आयुष्मान मित्र की ओर से निश्शुल्क गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जबकि कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से 30 रुपये प्रति गोल्डन कार्ड का भुगतान करने पर बनाए जा रहे हैं।


उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मसौनी, कनुवान, ज्ञानपुर, सुरनी, सवितापुर, मुंडेरा सहित अन्य कई गांव में कैंप लगाए जा चुके हैं। चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश और डा. सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पत्र के साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड लेकर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र या कामन सर्विस सेंटर पर पहुंचकर कार्ड बनवाकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। मसौनी गांव की रहने वाली बुधिया ने बताया कि उनके क्षेत्र की आशा संगिनी ने गोल्डन कार्ड के बारे में बताया। कैंप वाले दिन जाकर कार्ड बनवाया और उसी पर आंखों का निश्शुल्क इलाज और आपरेशन किया गया। इसके अलावा धर्मवीर ने बताया कि उनका गोल्डन कार्ड बना हुआ था और अचानक से एक दिन उनके पेट में दर्द शुरू हुआ। डाक्टर को दिखाया गया तो डाक्टर ने पथरी की समस्या बताई और फिर गोल्डन कार्ड से निश्शुल्क आपरेशन किया गया।

 
 '