Today Breaking News

Ghazipur: अतिक्रमण की भेंट चढ़ गया है मुहम्मदाबाद बाजार, चलने को भी जगह नहीं

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुहम्मदाबाद नगर में लग रहा है कि अतिक्रमण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। शायद इसी का नतीजा है कि नगर के मुख्य बाजार की सड़कों पर दुकानदारों ने पूरी तरह अतिक्रमण कर रखा है। इससे सबसे ज्यादा समस्या यूसुफपुर बाजार में आने-जाने वाले लोगों को को हो रही है। इसके चलते जाम लगने से लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जा रहा है।

नगर में शाहनिदा से लेकर शहीद पार्क मोड़ तक, वकीलबाड़ी से लेकर केशरी मोड़ तक सड़क की पटरियां पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में हैं। वहीं तहसील तिराहे से यूसुफपुर बाजार जाने वाले मुख्य रास्ते पर पटरी ही नहीं सड़क भी अतिक्रमण की जद में हैं। इस सड़क की पटरियों के साथ ही दुकानदारों ने सड़क का भी काफी हिस्सा अपने कब्जे में कर लिया हैं। इससे काफी चौड़ी सड़क होने के बावजूद एक चारपहिया बाजार में घुस जाने पर जाम लग जाता है। नगर पालिका की ओर नालियों को पाटे जाने के नाम पर दुकानों के चबूतरा के बराबर पटिया लगा दिए जाने से उतनी जगह पूरी तरह दुकानदारों के कब्जे में हो गई है। इससे उसके आगे बाइक आदि खड़ी कर दिए जाने से लोगों को पैदल निकलने के लिए पटरी तक उपलब्ध नहीं होती।


अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों से कई बार अपील की गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग मिले तो अभियान चलाकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई संभव है।-यदुनाथ, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका मुहम्मदाबाद।

 
 '